गोवा विधानसभा की हालत बाजार से भी खराब : कांग्रेस नेता

पणजी, 18 जुलाई (आईएएनएस)। पूर्व मुख्यमंत्री तथा कांग्रेस नेता प्रताप सिंह राणे ने मंगलवार को सदन की कार्यवाही बाधित करने के लिए अपनी ही पार्टी के विधायकों की आलोचना करते हुए कहा कि गोवा विधानसभा के हालात बाजार से भी खराब हो गए हैं।

राणे ने कहा, “गोवा विधानसभा के हालात बाजार से भी खराब हो चले हैं।” उन्होंने कहा कि यह देखकर उन्हें दुख होता है कि सदन को सुचारु रूप से नहीं चलने दिया जा रहा।

गोवा विधानसभा के अध्यक्ष रह चुके राणे ने यह टिप्पणी मानसून सत्र के पहले दिन कांग्रेस द्वारा किए गए हंगामे के बाद की है। हंगामे के कारण अध्यक्ष प्रमोद सावंत को सदन की कार्यवाही तीन बार स्थगित करनी पड़ी।

कांग्रेस विधायक जून में जारी उस विवादित सर्कुलर पर चर्चा चाहते थे, जिसमें विधायकों के आवासों पर जन शिकायत निपटान के लिए आयोजित बैठकों में सरकारी अधिकारियों के शामिल होने पर रोक लगाई गई है।

राणे ने कहा, “गोवावासियों ने हमारे लिए मतदान किया। हम यहां उनकी समस्याएं सुलझाने के लिए हैं। शोरगुल से कुछ नहीं होगा।” उन्होंने साथी विधायकों से सदन की कार्यवाही को अनावश्यक रूप से बाधित नहीं करने का अनुरोध किया।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493