कोहिमा, 24 जुलाई (आईएएनएस)। नागा पीपुल्स फ्रंट (एनपीएफ) के विधायक ई.ई. पांगतेआंग ने सोमवार को मुख्यमंत्री टी.आर. जेलियांग की अगुवाई वाली सरकार में कैबिनेट मंत्री के तौर पर शपथ ली।
पांगतेआंग को बीते शनिवार को आठ एनपीएफ और दो भाजपा विधायकों के साथ शपथ लेनी थी। हालांकि, वह इसके लिए राजभवन नहीं पहुंच सके, क्योंकि उनकी पार्टी के ही विधायक नोक वांगनाओ ने उनके मंत्रिमंडल में शामिल होने का विरोध किया था।
जेलियांग के करीबी सूत्रों के अनुसार, वांगनाओ को कैबिनेट रैंक के साथ नागालैंड जनतांत्रिक गठबंधन का अध्यक्ष नियुक्त किया जाएगा।
पांगतेआंग को राज्यपाल पी.बी. आचार्य ने एक समारोह में मंत्री पद की शपथ दिलाई, जिसमें मुख्यमंत्री, मंत्री, विधायक और सरकारी अधिकारी के अलावा सुरक्षा अधिकारी भी शामिल हुए।
इससे पहले मुख्यमंत्री ने शनिवार को अपने मंत्रिमंडल का विस्तार किया था, जिसमें उन्होंने एनपीएफ के आठ और भाजपा के दो विधायकों को शामिल किया था। जेलियांग ने यह विस्तार विधानसभा में विश्वास मत हासिल करने के बाद किया था।
बर्खास्त मुख्यमंत्री शुरहोजेली लीजित्सु की अगुवाई वाले एनपीएफ के धड़े ने पार्टी के संविधान के उल्लंघन के आरोप में शुक्रवार रात 19 लोगों को पार्टी से निकाल दिया था, जबकि 10 विधायकों को निलंबित कर दिया था।
पांगतेआंग के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की गई थी।
जेलियांग को भी शुरहोजेली के नेतृत्व वाले एनपीएफ के धड़े ने बुधवार को मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के बाद छह वर्षो के लिए पार्टी से निष्कासित कर दिया था।
जेलियांग ने शुक्रवार को विधानसभा में अपना बहुमत साबित कर दिया। उन्हें 60 सदस्यीय विधानसभा में 36 एनपीएफ विधायकों, चार भाजपा विधायकों और सात निर्दलीय विधायकों का समर्थन हासिल हुआ, जबकि एक सीट रिक्त है।
एनपीएफ के 10 विधायकों और एक निर्दलीय विधायक ने उनके खिलाफ वोट किया था।
dharmpath.com dharmpath