अगरतला, 1 अगस्त (आईएएनएस)। मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के एक नेता ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर त्रिपुरा विधानसभा चुनाव से पहले मतदाताओं को इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स देने का आरोप लगाया।
भाजपा ने हालांकि आरोप का खंडन किया है।
माकपा के त्रिपुरा के राज्य सचिव बिजान धर ने सोमवार की शाम मीडिया से कहा, “त्रिपुरा में वाम पार्टियों को सत्ता से बाहर करने के लिए भाजपा कई तरह की साजिशें रच रही हैं। भगवा पार्टी मतदाताओं को इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जैसे मोबाइल व कंप्यूटर व दोपहिया वाहन विधानसभा चुनाव से पहले दे रही है। यह पार्टी अनैतिक तरीके अपनाने में सबसे आगे रहती है।”
उन्होंने कहा, “भाजपा की अगुवाई वाली केंद्र सरकार व भाजपा शासित कई राज्यों में भ्रष्टाचार चरम पर है, घोटाले पर घोटाले हो रहे हैं, लेकिन मोदी भाषणों में कहते हैं जीरो टॉलरेंस।”
राज्य समिति की दो दिवसीय बैठक यहां 30-31 जुलाई को हुई। इसमें माकपा ने नई दिल्ली में 24-26 जुलाई को हुई तीन दिवसीय बैठक में किए गए फैसलों पर चर्चा की। बैठक में त्रिपुरा के आगामी विधानसभा चुनाव पर चर्चा की गई।
त्रिपुरा व केरल वे दो राज्य हैं, जहां माकपा की अगुवाई वाली वाम मोर्चे की सरकार है। त्रिपुरा में अगले साल विधानसभा चुनाव होना है।
भाजपा ने आरोपों का खंडन किया और कहा कि त्रिपुरा के मतदाता बहुत ही समझदार हैं, उन्हें खरीदा नहीं जा सकता।
त्रिपुरा भाजपा प्रवक्ता मृणाल कांति देब ने कहा, “हम किसी को कोई इलेक्ट्रॉनिक उपकरण नहीं दे रहे हैं। सिर्फ भाजपा कार्यकर्ताओं को संगठनात्मक कार्य के लिए मोटरबाइक दी गई है। इस तरह की मोटरबाइक पार्टी सदस्यों को दूसरे राज्यों में भी दी गई है।”
dharmpath.com dharmpath