बेंगलुरू में कर्नाटक के मंत्री के आवास पर आयकर विभाग की छापेमारी

बेंगलुरू, 2 अगस्त (आईएएनएस)। आयकर विभाग ने बुधवार को कर्नाटक के बिजली मंत्री डी.के. शिवकुमार के आवास और एक निजी रिसॉर्ट पर छापेमारी की है।

यह वही रिसॉर्ट है, जिसमें गुजरात से कांग्रेस के 44 विधायकों को ठहराया गया है।

आयकर विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी ने पहचान उजागर नहीं करने की शर्त पर आईएएनएस को बताया, “हां, मंत्री के घर और रिसॉर्ट पर छापेमारी की जा रही है। हमारी टीम तलाशी कर रही है।”

कांग्रेस के विधायक एन.रवि के घर पर भी छापेमारी की जा रही है।

अधिकारी ने बताया, “तलाशी चल रही है और इसलिए अभी हम इसके बारे में अधिक जानकारी नहीं दे सकते। हम मीडिया को इन चीजों के बारे में अधिक जानकारी देने के लिए अधिकृत नहीं है। हमारे अधिकारी इस बारे में जानकारी देंगे।”

ईगलेटन गोल्फ रिसॉर्ट के प्रतिनिधियों ने इस बात की पुष्टि करने से इनकार कर दिया कि क्या रिसॉर्ट के जिन 35 डीलक्स कमरों में शनिवार से गुजरात से कांग्रेस के विधायक ठहरे हुए हैं, वहां छापेमारी की गई या नहीं।

गौरतलब है कि कांग्रेस के 44 विधायकों को अहमदाबाद से बेंगलुरू ले जाकर उन्हें बेंगलुरू से लगभग 30 किलोमीटर दूर बिडाडी के एक आलीशान रिसॉर्ट में ठहराया गया है।

प्रत्यक्ष तौर पर इसके पीछे मकसद यही है कि आठ अगस्त को होने वाले राज्यसभा उपचुनाव में कहीं भाजपा कांग्रेस के इन विधायकों को तोड़कर अपनी पार्टी में शामिल करने में कामयाब न हो जाए, जिसमें उनके शीर्ष नेता अहमद पटेल पांचवें कार्यकाल के लिए उम्मीदवार हैं।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493