सतना, 7 अगस्त (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश पुलिस के लिए सिरदर्द बन गए 60 हजार के इनामी डकैत ललित पटेल को सतना पुलिस ने रविवार शाम को एक मुठभेड़ में मार गिराया। ललित पर तीन लोगों की हत्या सहित 10 मामले दर्ज थे।
सतना के पुलिस अधीक्षक राजेश हिंगणकर ने सोमवार को आईएएनएस को बताया कि रविवार की शाम को पुलिस को मुखबिर के जरिए ललित पटेल के पोखरी के जंगल में होने की सूचना मिली। इस पर पुलिस ने उस इलाके की घेराबंदी की। दोनों ओर से चली गोलियां में ललित पटेल मारा गया, जबकि उसके अन्य साथी जंगल में भागने में सफल रहे।
ज्ञात हो कि जून माह में सतना के तीन लोगों का अपहरण करने के बाद जिंदा जलाकर हत्या करने के बाद से ललित पटेल सुर्खियों में आया था, उसके बाद से ही पुलिस को उसकी तलाश थी। इतना ही नहीं राज्य के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बीते सप्ताह चित्रकूट प्रवास के दौरान इस इलाके को डकैत मुक्त करने की बात कही थी।
हिंगणकर के मुताबिक, ललित पटेल पर मध्य प्रदेश पुलिस ने 50 हजार और उत्तर प्रदेश पुलिस ने 10 हजार का ईनाम घोषित कर रखा था। ललित पर तीन हत्याओं सहित कुल 10 मामले अलग-अलग थानों में दर्ज है।
dharmpath.com dharmpath