ग्लासगो (स्कॉटलैंड), 22 अगस्त (आईएएनएस)। भारत की मिश्रित युगल जोड़ी सात्विक साइराज रंकीरेड्डी और के. मनीषा का सफर विश्व बैडमिंटन चैम्पियनशिप के दूसरे दौर में ही थम गया।
इसके अलावा, इस वर्ग में बी. सुमिथ रेड्डी और अश्विनी पोनप्पा की जोड़ी को भी हार का मुंह देखना पड़ा।
मिश्रित युगल वर्ग के दूसरे दौर में मंगलवार को रंकीरेड्डी-मनीषा की जोड़ी को डेनमार्क की माथियास क्रिस्चियन और सारा थेगसेन की जोड़ी ने मात देकर तीसरे दौर में प्रवेश किया।
माथियास-थेगसेन की जोड़ी ने रंकीरेड्डी-मनीषा की जोड़ी को 45 मिनट तक चले मुकाबले में 22-20, 21-18 से मात देकर बाहर किया।
इसके अलावा, रेड्डी और पोनप्पा की जोड़ी को चीन की वांग यिलयु और हुआंग डोंगपिंग की जोड़ी ने 58 मिनट तक चले मैच में 21-17, 18-21, 21-5 से मात दी।
इन दो भारतीय जोड़ियों की हार से हालांकि, मिश्रित युगल वर्ग में भारतीय चुनौती समाप्त नहीं हुई है। इस वर्ग में अभी प्रणव जैरी चोपड़ा और एन. सिक्की रेड्डी का मुकाबला मलेशिया के योगेंद्र कृष्णन और प्राजक्ता सावंत की जोड़ी से होगा।
dharmpath.com dharmpath