मुरैना, 23 अगस्त (आईएएनएस)। मध्यप्रदेश के मुरैना जिले की जेल में एक कैदी कृष्णा कुशवाहा ने मंगलवार की रात फांसी के फंदे पर लटककर आत्महत्या कर ली। इस घटना के विरोध में कुशवाहा के परिजनों ने जमकर हंगामा किया और कृष्णा की हत्या किए जाने का आरोप लगाया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, कृष्णा एक लूट का आरोपी था और पिछले डेढ़ माह से जेल में था। उसने मंगलवार-बुधवार की दरम्यानी रात अपनी बैरक के दरवाजे से कपड़े का फंदा बनाकर लटककर जान दे दी।
जेल प्रबंधन के अनुसार, रात लगभग दो बजे वह फांसी के फंदे पर लटका था और जिला अस्पताल ले जाने पर चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। इस मामले की जांच होगी और उसके बाद ही कुछ कहा जा सकेगा।
वहीं कुशवाहा के परिजनों ने बुधवार को जेल कर्मियों पर हत्या का आरोप लगाते हुए सड़क पर जाम लगाया और जिलाधिकारी के आवास का घेराव किया। बाद में पुलिस ने उन्हें आश्वासन देकर शांत कर दिया।
dharmpath.com dharmpath