फीफा के फैसले के खिलाफ अपील कर सकता है द. अफ्रीका

केपटाउन, 8 सितंबर (आईएएनएस)। दक्षिण अफ्रीका विश्व कप क्वालीफायर के मैच को दोबारा से आयोजित करने वाले फीफा के फैसले के खिलाफ अपील कर सकता है।

बीबीसी की रिपोर्ट के अनुसार, फीफा ने दक्षिण अफ्रीका और सेनेगल के बीच खेले गए अफ्रीकी जोन के विश्व कप क्वालीफायर मुकाबले का आयोजन एक बार फिर करने का आदेश दिया है। इस मैच को दोबारा नवम्बर में खेला जाएगा।

खेल पंचाट न्यायालय (सीएएस) ने मैच के रैफरी जोसेफ लाम्पटे पर मैच फिक्सिंग का आरोप लगाते हुए आजीवन प्रतिबंध का फैसला सुनाया। इस फैसले के बाद ही दोनों टीमों के बीच खेले गए मैच को दोबारा आयोजित करने का आदेश दिया गया है। हालांकि, इस मामले में न दक्षिण अफ्रीका पर और न ही सेनेगल पर किसी भी प्रकार के गलत व्यवहार का आरोप लगा है।

इस फैसले के खिलाफ अपनी प्रतिक्रिया में दक्षिण अफ्रीका फुटबाल संघ के वकील नोरमान एरेंड्से ने कहा, “हम उत्तर की प्रतीक्षा कर रहे हैं और इस मामले को आगे ले जाने से पहले फीफा से चर्चा कर रहे हैं।”

एरेंड्से ने कहा कि उनके संगठन को मैच के फिक्स होने के बारे में फीफा द्वारा किसी भी प्रकार की कोई जानकारी नहीं दी गई थी। इस कारण संघ इस फैसले को स्वीकार नहीं करेगा।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493