बिहार में महागठबंधन टूटने के लिए राजद जिम्मेवार : कांग्रेस विधायक

पटना, 8 सितंबर (आईएएनएस)। बिहार कांग्रेस में फूट की खबर के बीच कांग्रेस के एक विधायक ने शुक्रवार को राष्ट्रीय जनता दल (रााजद) के खिलाफ भी मोर्चा खोल दिया है। कांगेस के विधायक अजीत शर्मा ने बिहार में महागठबंधन को टूटने के लिए राजद को जिम्मेवार बताते हुए कहा कि अगर तेजस्वी प्रसाद यादव उपमुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे देते तो महागठबंधन नहीं टूटता।

भागलपुर से विधायक अजीत शर्मा ने यहां पत्रकारों से कहा भ्रष्टाचार के आरोप में प्राथमिकी दर्ज होने के बाद अगर तेजस्वी उपमुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे देते तो ऐसी नौबत नहीं आती। तेजस्वी की जिद की वजह से ही बिहार में महागठबंधन टूटा है।

उन्होंने स्पष्ट करते हुए कहा, “राजद के साथ रहने से ही बिहार में कांग्रेस की दुर्दशा हुई है।”

विधायक ने पार्टी उपाध्यक्ष राहुल गांधी से हुई बात का हवाला देते हुए कहा कि आधा दर्जन विधायकों ने राहुल गांधी के सामने अपनी बात रखी है और कहा कि राजद का साथ ठीक नहीं।

उन्होंने कहा कि अगर तेजस्वी इस्तीफा दे देते तो नीतीश कुमार गठबंधन नहीं तोड़ते और जब गठबंधन नहीं टूटता तो उन्हें भाजपा के साथ जाने की जरूरत ही नहीं पड़ती।

गौरतलब है कि गुरुवार को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अशोक चौधरी ने आरोप लगाया था कि एक साजिश के तहत उन्हें अध्यक्ष पद से हटाने की कवायद की जा रही है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि पार्टी में भीतरघात का खेल चल रहा है, जिसमें पार्टी के कुछ शीर्ष नेता भी शामिल हैं।

बिहार में कांग्रेस में टूट की खबरें पिछले कई दिनों से यहां की राजनीति में चर्चा में हैं। कहा जा रहा है कि इसी खबर के कारण पार्टी के उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने सभी 27 विधायकों को दिल्ली बुलाया था। कई विधायकों ने दिल्ली जाकर पार्टी उपाध्यक्ष के सामने अपनी बात रखी है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493