बिहार के बच्चे की गुरुग्राम स्कूल में हत्या पर कार्रवाई की मांग

पटना, 9 सितंबर (आईएएनएस)। बिहार के मधुबनी जिले के रहने वाले सात वर्षीय बच्चे प्रद्युम्न की गुरुग्राम के जाने माने स्कूल रयान इंटरनेशनल स्कूल में हत्या कर दिए जाने की घटना से बिहार के लोग आक्रोश में हैं। बिहार के लोगों ने प्रद्युम्न की हत्या में शामिल लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

मृत बालक प्रद्युम्न के पिता वरुणचंद्र ठाकुर मधुबनी जिले के पंडौल प्रखंड अंतर्गत बड़ा गांव के मूल निवासी हैं। प्रद्युम्न की हत्या की खबर सुनकर पूरे गांव के लोग स्तब्ध हैं।

गांव के ही एक युवक अखिलेश ने कहा कि दो साल पहले ही प्रद्युम्न गांव आया था और गांव के लोगों से मिला था। अखिलेश बताते हैं कि शुक्रवार को प्रद्युम्न के नहीं रहने की जानकारी गांव में पहुंची। सूचना मिलते ही आस पड़ोस के लोग स्तब्ध रह गए कि कैसे उस मासूम की हत्या कर दी गई।

मिथिलांचल में सामाजिक और सांस्कृतिक मुद्दे पर कार्य करने वाली गैर सरकारी संस्था मिथिलालोक फाउंडेशन के चेयरमैन डॉ. बीरबल झा ने कहा कि किसी के भी पुत्र की हत्या की घटना दुखदायी है। ऐसे में अगर यह जघन्य अपराध किसी शिक्षा के मंदिर में हो तो उसकी जितनी भी निंदा की जाए कम है।

उन्होंने कहा कि मिथिलालोक फाउंडेशन पीड़ित परिवार के इस दुख की घड़ी में साथ है तथा प्रद्युम्न को न्याय दिलाने के लिए संस्था हर कानूनी सहायता पीड़ित परिवार को उपलब्ध कराएगा।

उन्होंने कहा कि बिहार का बेटा प्रद्युम्न तो अब लौटकर नहीं आ सकता, परंतु ऐसी घटना दोबारा नहीं हो इसके लिए हम सभी को पहल करनी चाहिए।

इधर, मधुबनी के सांसद हुकुमदेव नारायण यादव ने आईएएनएस को फोन पर कहा कि हरियाणा पुलिस दोषियों के खिलाफ कार्रवाई कर रही है। उन्होंने बताया कि आरोपी बस कंडक्टर को गिरफ्तार कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि प्रद्युम्न की हत्या की जितनी निंदा की जाए, वह कम है।

गुरुग्राम के रयान इंटरनेशनल स्कूल के दूसरी कक्षा के छात्र प्रद्युम्न का शव शुक्रवार को स्कूल के शौचालय में मिला था। उसका गला रेता गया था।

पंडौल प्रखंड की दहिवत माधोपुर पश्चिमी पंचायत अंतर्गत बड़ागांव के लोगों ने बताया कि दिवंगत टुनटुन ठाकुर के छोटे बेटे वरुणचंद्र ठाकुर के पुत्र प्रद्युम्न कुमार की हत्या की सूचना गांव में शुक्रवार दोपहर बाद पहुंची।

सूचना मिलते ही आस पड़ोस के लोग स्तब्ध रह गए। वरुणचंद्र ठाकुर अपनी पत्नी, बच्चों संग दिल्ली में रहते हैं। पर्व-त्योहारों पर उनका यहां आना होता है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493