पटना, 12 अक्टूबर (आईएएनएस)। बिहार के पटना जिले में मानवता को शर्मसार करने वाली घटना प्रकाश में आई है, जहां एक युवक ने 35 वर्षीय महिला के साथ दुष्कर्म करने में असफल होने पर महिला के निजी अंगों में लोहे की रॉड डाल दी, जिससे उसकी मौत हो गई।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अुनसार, नौबतपुर थाना क्षेत्र के एक गांव में 35 वर्षीय महिला बुधवार की देर शाम अपने घर से शौच के लिए बाहर निकली थी, तभी गांव के ही युवक धीरज कुमार (22) ने महिला को अकेला पाकर उससे दुष्कर्म करने की कोशिश की।
आरोप है कि विफल होने पर उसने महिला के निजी अंगों में लोहे की रॉड डाल दी और फरार हो गया। खून से लथपथ एवं दर्द से कराहती महिला किसी तरह घर पहुंची और परिजनों को घटना की जानकारी दी। परिजन तुरंत उसे थाना ले आए, जहां उसे इलाज के लिए रेफरल अस्पताल भेजा गया।
अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद वहां के चिकित्सकों ने पीड़ित महिला को पटना मेडिकल कॉलेज अस्पताल (पीएमसीएच) भेज दिया। इलाज के दौरान महिला की मौत हो गई।
चिकित्सकों का कहना है कि प्रथम दृष्टया अत्यधिक रक्तस्राव के कारण महिला की मौत हुई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद अंदरूनी जख्मों का पता चल सकेगा। मृतक महिला के चार छोटे बच्चे हैं और उसका पति मजदूरी का काम करता है।
नौबतपुर के थाना प्रभारी प्रेमराज चौहान ने गुरुवार को बताया कि पुलिस ने त्वरित कारवाई करते हुए आरोपी युवक धीरज को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस का कहना है कि आरोपी ने पूछताछ के दौरान अपराध कबूल लिया है। पुलिस पूरे मामले की छानबीन कर रही है।
dharmpath.com dharmpath