मप्र में ‘आओ भैया तुम्हें सैर कराऊं’ अभियान भाईदूज से (लीड-1)

भोपाल, 20 अक्टूबर (आईएएनएस)। मध्यप्रदेश में युवतियों को वाहन चलाने में सक्षम और लाइसेंस धारक बनाने के लिए भाईदूज (21 अक्टूबर) से ‘आओ भैया तुम्हें सैर कराऊं’ अभियान शुरू हो रहा है। इस विशेष अभियान के तहत युवतियों के ‘पिंक ड्राइविंग लाइसेंस’ बनाए जाएंगे।

आधिकारिक तौर पर दी गई जानकारी के मुताबिक, प्रदेश की बालिकाओं और महिलाओं के लिए नि:शुल्क ड्राइविंग लाइसेंस बनाने का प्रावधान किया गया है। बालिकाएं और महिलाएं अब अधिकारपूर्वक दोपहिया और चारपहिया वाहन चला सकेंगी।

राज्य सरकार के परिवहन, उच्च शिक्षा, स्कूल शिक्षा विभाग तथा महिला सशक्तीकरण संचालनालय द्वारा ‘पिंक ड्राइविंग लाइसेंस’ बनाने के लिए विशेष शिविरों का आयोजन किया जाएगा। लाइसेंस बनवाने के लिए प्रेरित करने के उद्देश्य से ‘आओ भैया तुम्हें सैर कराऊं’ की टैग लाइन (नाम से) से भाईदूज से अभियान शुरू हो रहा है। यह शिविर स्कूलों, कॉलेजों, नगर निगम, नगर पालिका तथा विकासखंड स्तर पर आयोजित किए जाएंगे।

बताया गया है कि अस्थायी ड्राइविंग लाइसेंस नियमानुसार छह माह की अवधि के लिए बनाया जाएगा। इस अवधि में प्रदेश के 94 ड्राइविंग प्रशिक्षण संस्थानों के माध्यम से बालिकाओं-महिलाओं को ड्राइविंग प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसके बाद परिवहन विभाग विशेष अभियान चलाकर नियमित लाइसेंस उपलब्ध कराएगा।

सरकार की मंशा है कि महिलाएं वाहन चालन को व्यावसायिक रूप से अपनाने के लिए भी प्रेरित हों, इसके लिए ‘ऑपरेशन ड्राइविंग शौर्या’ चलाया जाएगा। यह अभियान राज्य के स्थापना दिवस (1 नवंबर) से शुरू होकर अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस (8 मार्च) तक जारी रहेगा।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493