भोपाल, 23 अक्टूबर (आईएएनएस)। मध्यप्रदेश की विधानसभा का शीतकालीन सत्र 27 नवंबर से शुरू होकर आठ दिसंबर तक चलेगा। यह सत्र कुल 12 दिन का होगा। राज्यपाल ने इसकी अधिसूचना सोमवार को जारी कर दी।
विधानसभा के प्रमुख सचिव अवधेश प्रताप सिंह ने सोमवार को बताया कि बारह दिवसीय सत्र में सदन की कुल 10 बैठकें होंगीं, जिनमें शासकीय विधि-विषयक एवं वित्तीय कार्य संपादित किए जाएंगे।
सिंह के मुताबिक, इस सत्र के लिए विधानसभा सचिवालय में अशासकीय विधेयकों की सूचनाएं आठ नवंबर तक और अशासकीय संकल्पों की सूचनाएं 16 नवंबर तक प्राप्त की जाएंगी। जबकि स्थगन प्रस्ताव, ध्यान आकर्षण तथा नियम 267 के अधीन सूचनाएं विधानसभा सचिवालय में 22 नवंबर से कार्यालयीन समय में प्राप्त की जाएंगी।
dharmpath.com dharmpath