दिग्विजय की नर्मदा परिक्रमा में शामिल होंगे स्वामी सत्यमित्रानंद (फोटो सहित)

भोपाल, 29 अक्टूबर (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की ‘नमामि देवी नर्मदे सेवा यात्रा’ के बाद पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह की नर्मदा परिक्रमा जारी है। सिंह की इस परिक्रमा में भारत माता मंदिर हरिद्वार के संस्थापक और पूर्व शंकराचार्य ज्योतिर्मठ स्वामी सत्यमित्रानंद गिरी ने भी शामिल होने की इच्छा जताई है।

पूर्व मंत्री सुभाष सोजतिया ने आईएएनएस को बताया कि स्वामी सत्यमित्रानंद गिरी ने एक पत्र लिखकर नर्मदा परिक्रमा के महत्व को बताते हुए उनकी मनोकामना पूरी होने की शुभकामनाएं दी हैं, साथ ही इस परिक्रमा में सम्मिलित होने की इच्छा जताई है।

गिरी ने सिंह को पत्र में लिखा है, “आप 3300 किलोमीटर की परिक्रमा पर हैं, जिसमें छह माह लगेंगे। नर्मदा की परिक्रमा का महत्व हमारे शास्त्रों में वर्णित है, यह यात्रा एक आदर्श की स्थापना में सहायक होगी। मेरी नर्मदा माता से प्रार्थना है कि वे आपका मनोरथ पूरा करने की कृपा करें।”

गौरतलब है कि राज्य के मुख्यमंत्री चौहान ने पिछले दिनों नमामि देवी नर्मदे सेवा यात्रा निकाली थी। अब पूर्व मुख्यमंत्री सिंह दशहरा के दिन से नर्मदा परिक्रमा पर निकले हैं। उनके साथ उनकी धर्मपत्नी अमृता सिंह भी पैदल परिक्रमा कर रही हैं।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493