भाजपा की रैली ने लगाया बेंगलुरु की सड़कों पर जाम

बेंगलुरु, 2 नवंबर (आईएएनएस)। कर्नाटक में होने वाले चुनाव के मद्देनजर यहां गुरुवार को निकाली गई भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की रैली के कारण शहर की सड़कों पर तीन घंटे से अधिक समय तक जाम लगा रहा। रैली को भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने हरी झंडी दिखाई।

हजारों पार्टी कार्यकर्ता दोपहिया वाहनों पर थे। वे शहर के बाहरी इलाके में स्थित बेंगलूर इंटरनेशनल एक्जीबिशन सेंटर (बीआईईसी) के मार्ग पर थे जहां रैली की शुरुआत हुई।

शहर के उत्तर-पश्चिमी उपनगरीय इलाके में टुमाकुरु और अन्य जिलों की तरफ जाने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित बीआईईसी की तरफ जाने वाली मुख्य सड़कों पर लंबा जाम लगा रहा।

शाह गुरुवार सुबह यहां हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड (एचएएल) हवाईअड्डे पर उतरे थे। वह खुद एक घंटे से अधिक समय तक फंसे रहे। उसके बाद वह एक हेलिकॉप्टर में सभा स्थल पर पहुंचे।

‘नव कर्नाटक निर्माण परिवर्तन यात्रा’ नामक राज्यव्यापी रैली में आने वाले हफ्तों में मोटरसाइकिल और चार पहिया वाहनों पर पार्टी के तीन लाख से अधिक कार्यकर्ताओं और समर्थकों के शामिल होने की संभावना है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493