बिहार में ‘आउट सोर्सिग’ में आरक्षण पर राजग के घटक आमने-सामने

पटना, 2 नवंबर (आईएएनएस)। बिहार मंत्रिमंडल की बैठक में ‘आउट सोर्सिग’ में आरक्षण के प्रावधान को मंजूरी दिए जाने के बाद भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नीत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) में शामिल दल अब आमने-सामने नजर आने लगे हैं। भाजपा के वरिष्ठ नेता सी़ पी़ ठाकुर ने गुरुवार को इस आरक्षण का विरोध करते हुए कहा कि इसकी अभी जरूरत नहीं है।

ठाकुर ने यहां पत्रकारों से चर्चा करते हुए कहा, “आउट सोर्सिग में आरक्षण की अभी जरूरत नहीं है। पहले जो आरक्षण का प्रावधान है, उसे ठीक ढंग से लागू किया जाना चाहिए।”

उन्होंने कहा कि अभी आर्थिक रूप से कमजोर लोगों को शिक्षा और रोजगार कैसे मिले, इस पर ध्यान देने की जरूरत है। उन्होंने कहा, “आउट सोर्सिग में आरक्षण देने से लोग (सवर्ण जाति समुदाय) समझेंगे कि हमारा जो थोड़ा अधिकार है, वह भी सरकार रोक रही है। इसलिए यह उचित नहीं है।”

पूर्व केंद्रीय मंत्री ठाकुर के बयान पर जनता दल (युनाइटेड) के प्रवक्ता और विधान पार्षद नीरज कुमार ने उन्हें नसीहत देते हुए कहा, “इस मुद्दे पर मीडिया के सामने जाकर विरोध करने के बजाय उन्हें पार्टी के भीतर ही यह बात करनी चाहिए और उनकी पार्टी क्या चाहती है, यह बात उन्हें जाननी चाहिए।”

राजग में शामिल एक अन्य घटक दल हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा के प्रमुख और पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी ने हालांकि इस मामले में विवाद को रोकने की कोशिश करते हुए कहा, “यह उनकी (सी़ पी़ ठाकुर) व्यक्तिगत राय हो सकती है, राजग की यह राय नहीं है।”

उन्होंने नीतीश सरकार के इस कदम की प्रशंसा करते हुए कहा कि नीतीश मंत्रिमंडल का यह स्वागत योग्य फैसला है।

उल्लेखनीय है कि बिहार मंत्रिमंडल की बुधवार को हुई बैठक में ‘आउट सोर्सिग’ के तहत प्राप्त या प्रदान की जाने वाली सेवाओं में आरक्षण के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई थी।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493