सुषमा स्वराज ने बेल्जियम के राजा से मुलाकात की

नई दिल्ली, 7 नवंबर (आईएएनएस)। विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने मंगलवार को यहां बेल्जियम के राजा फिलिप से मुलाकात की और द्विपक्षीय संबंधों पर चर्चा की।

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रवीश कुमार ने ट्वीट किया, “विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने बेल्जियम के राजा फिलिप से मुलाकात की और दोनों ने मैत्रीपूर्ण द्विपक्षीय संबंधों के विस्तार के बारे में बातचीत की।”

राजा फिलिप और रानी मैथिल्ड एक सप्ताह लंबी राजकीय यात्रा पर भारत पहुंचे हैं।

राजा फिलिप के 2013 में सिंहासन हासिल करने के बाद यह शाही दंपति की भारत की पहली यात्रा है।

प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी मंगलवार की देर शाम बेल्जियम के राजा के साथ द्विपक्षीय वार्ता करेंगे।

राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद राजा और रानी के साथ बैठक करेंगे, जबकि उपराष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू भी शाही दंपति से मुलाकात करेंगे।

राजा फिलिप और रानी मैथिल्ड के साथ छह मंत्री, एक उच्चस्तरीय व्यापार प्रतिनिधिमंडल भी भारत आया है जिसमें बेल्जियम की लगभग 90 कंपनियों के सीईओ और शैक्षणिक संस्थानों के एक दर्जन प्रमुख शामिल हैं।

भारत, बेल्जियम का दूसरा सबसे बड़ा निर्यात गंतव्य है। 2016-17 में भारत और बेल्जियम के बीच द्विपक्षीय व्यापार 13.28 अरब डॉलर का था। जिसमें भारत ने बेल्जियम को5.65 अरब डॉलर का निर्यात किया जबकि बेल्जियम से 6.62 अरब डॉलर का आयात किया।

हीरा व्यापार भारत-बेल्जियम के व्यापार पर भारी प्रभाव डालता है। दोनों देशों के बीच सर्वाधिक व्यापार रत्न और आभूषण का होता है जोकि कुल व्यापार का 75 प्रतिशत है।

अप्रैल 2000 से जून 2017 की अवधि में भारत में बेल्जियम का संचयी निवेश 1.01 अरब डॉलर से अधिक रहा है।

बेल्जियम के सरकारी अनुमानों के मुताबिक, बेल्जियम में भारतीय आव्रजक 18,000 के आसपास है। इनमें से करीब 10,000 भारतीय नागरिक हैं। करीब 1,500 भारतीय आईटी पेशेवर बेल्जियम की कंपनियों के लिए जबकि करीब 800 भारतीय छात्र विभिन्न विश्वविद्यालयों में हैं।

मोदी ने 2016 में बेल्जियम का दौरा किया था।

यह बेल्जियम के शाही परिवार के सदस्य का तीसरा भारतीय दौरा है। इससे पहले 1970 और 2008 में शाही परिवार के सदस्य भारत का दौरा कर चुके हैं।

बेल्जियम का एक राजा अपने राज्यकाल के दौरान एक देश का दौरा एक बार ही कर सकता है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493