शिमला, 7 नवंबर (आईएएनएस)। हिमाचल प्रदेश में 9 नवंबर को होने वाले विधानसभा चुनाव में राज्य के कुल 1,844 दृष्टिबाधित लोग अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी पुष्पेंद्र राजपूत ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
राज्य में कुल 50,25,941 मतदाता हैं।
मंडी में सबसे अधिक 671 और लाहोल और स्पीति जिले में सबसे कम 21 दृष्टिबाधित मतदाता पंजीकृत हैं।
कांगड़ा जिले में 82, हमीरपुर में 85, शिमला में 60, कुल्लू में 319, बिलासपुर में 187, चंबा में 62, सोलन में 183, सिरमौर में 37 और किन्नौर में 86 दृष्टिबाधित मतदाताओं के नाम दर्ज हैं।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि इन मतदाताओं की सुविधा के लिए निर्वाचन आयोग ने इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन पर ब्रेल संकेत की सुविधा दी है।
ब्रेल साक्षरता वाले मतदाताओं की सहायता के लिए सभी निर्वाचन अधिकारियों को ब्रेल बैलट पेपर शीट्स प्रदान की गईं हैं।
68 सदस्यीय हिमाचल विधानसभा का चुनाव 9 नवंबर को होगा। मतों की गिनती 18 दिसंबर को गुजरात विधानसभा चुनाव के साथ होगी।
dharmpath.com dharmpath