मप्र : चित्रकूट उप चुनाव में अपरान्ह 2 बजे तक 48 प्रतिशत मतदान (लीड-1)

सतना/भोपाल, 9 नवंबर (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश के सतना जिले के चित्रकूट विधानसभा क्षेत्र के उप चुनाव के लिए आज (गुरुवार) हो रहे मतदान में दोपहर दो बजे तक 48 प्रतिशत मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर चुके थे।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी के भोपाल कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार, सुबह आठ बजे मतदान शुरू हुआ और पहले छह घंटों में दोपहर दो बजे तक 48 प्रतिशत मतदाता अपने मताधिकार का उपयोग कर चुके थे। इस दौरान कहीं से भी गड़बड़ी की कोई सूचना नहीं मिली है।

चित्रकूट उप चुनाव में 257 मतदान केंद्रों पर मतदान हो रहा है। शाम पांच बजे तक चलने वाले मतदान में 12 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला होगा। यहां मुख्य मुकाबला कांग्रेस के नीलांशु चतुर्वेदी और भाजपा के शंकर दयाल त्रिपाठी के बीच है। उप-चुनाव की मतगणना रविवार 12 नवम्बर को होगी।

उत्तर प्रदेश की सीमा पर स्थित इस विधानसभा क्षेत्र में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। सीमा को सील किया गया है। स्थानीय पुलिस व सुरक्षा बलों के साथ केंद्रीय अर्ध सैनिक बलों की नौ कम्पनियों ने निर्वाचन क्षेत्र में सुरक्षा का मोर्चा संभाला है।

कांग्रेस विधायक प्रेम सिंह का निधन होने के चलते चित्रकूट विधानसभा क्षेत्र में उप चुनाव हो रहा है। बीते तीन चुनाव से प्रेम सिंह जीतते आ रहे थे।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493