चेन्नई, 15 नवंबर (आईएएनएस)। तमिल फिल्म उद्योग के मशहूर अभिनेता कमल हासन ने सुपरस्टार रजनीकांत को एनटीआर राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार जीतने पर बधाई दी है।
कमल ने मंगलवार को ट्वीट कर आंध्र प्रदेश सरकार का आभार जताया, जिसने मंगलवार को नंदी राज्य फिल्म पुरस्कार के विजेताओं के साथ-साथ राष्ट्रीय स्तर के एनटीआर, बी.एन. रेड्डी, नागी रेड्डी-चक्रपाणि और रघुपति वेंकैया फिल्म पुरस्कारों की घोषणा की।
कमल ने ट्वीट किया, “एनटीआर राष्ट्रीय अवार्ड-2016 के लिए सुपरस्टार रजनीकांत को बधाई। मुझे भी फिर से सम्मानित करने के लिए आंध्र प्रदेश का धन्यवाद। मैं आपके लगातार समर्थन के लिए आपका ऋणी हूं।”
रजनीकांत ने भी लिखा, “मुझे प्रदान किए गए प्रतिष्ठित नंदी पुरस्कार के लिए मैं तह-ए-दिल से आभार और खुशी व्यक्त करता हूं।”
फिल्मकार आर. नारायण मूर्ति, एम.एम. कीरवानी और के.एस. रामाराव ने नागी-रेड्डी चक्रपाणि अवार्ड जीता है।
तेलुगू फिल्म उद्योग में योगदान के लिए कृष्णम राजू, ईश्वर और चिरंजीवी को रघुपति वेंकैया अवार्ड (लाइफटाइम अचीवमेंट) प्रदान किया जाएगा।
एन. बालाकृष्णा (लीजेंड), महेश बाबू (श्रीमंथुडु) और जूनियर एनटीआर (नन्नाकु प्रेमाथो एंड जनता गैराज) ने क्रमश: 2014, 2015 और 2016 के लिए नंदी पुरस्कार जीते हैं।
dharmpath.com dharmpath