इस्लामाबाद, 25 नवंबर (आईएएनएस)। पाकिस्तान और यूरोपीय संघ (ईयू) ने संयुक्त बयान जारी कर आतंकवाद रोधी वार्ता समाप्त कर दी।
दोनों पक्षों ने आतंकवाद के सभी रूपों और प्रारूपों को संयुक्त रूप से समाप्त करने की प्रतिबद्धता जताई।
पाकिस्तान, ईयू के बीच 23 नवंबर को छठे दौर की वार्ता के बाद शुक्रवार देर रात विदेश मंत्रालय की ओर से जारी बयान के मुताबिक, दोनों पक्षों के अधिकारियों ने बताया कि आतंकवाद दुनियाभर के देशों और समाजों के लिए खतरा बना हुआ है।
अधिकारियों ने आतंकवाद से मुकाबले के क्षेत्र में चल रहे ईयू-पाकिस्तान सहयोग पर चर्चा की।
बयान में कहा गया है, “यूरोपीय संघ आतंकवादी हमलों के पीड़ितों के साथ दृढ़ता से खड़े रहने की पुष्टि करता है। “
विदेश मंत्रालय ने कहा, “दोनों पक्षों ने इसकी दोबारा पुष्टि करते हुए कहा कि आतंकवाद को किसी भी धर्म, राष्ट्रीयता, सभ्यता या जातीय समूह के साथ नहीं जोड़ा जा सकता है और न ही जोड़ा जाना चाहिए।”
यूरोपीय संघ और पाकिस्तान के बीच अगली बैठक 2018 में ब्रसेल्स में होगी।
dharmpath.com dharmpath