कन्याकुमारी, 3 दिसम्बर (आईएएनएस)। रक्षामंत्री निर्मला सीतारमण ने चक्रवात ओखी के बाद रविवार को खोज एवं राहत अभियान की समीक्षा की। सीतारमण सोमवार को तमिलनाडु व केरल के अन्य प्रभावित इलाकों का दौरा करेंगी।
रक्षा मंत्रालय द्वारा जुटाए गए आंकड़ों में रविवार को कहा गया है कि भारतीय नौसेना, तटरक्षक व वायुसेना ने अबतक 357 लोगों को बचाया है।
कन्याकुमारी पहुंचने व अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक के बाद मंत्री ने आसपास के गांवों का दौरा किया, जहां उन्होंने स्थानीय मछुआरों से बातचीत की। सीतारमण ने तमिलनाडु के उपमुख्यमंत्री ओ.पन्नीरसेल्वम से भी मुलाकात की।
मंत्रालय के अधिकारियों ने कहा कि रक्षामंत्री सोमवार को कन्याकुमारी से सड़क के रास्ते केरल की राजधानी तिरुवनंतपुरम जाएंगी व चक्रवात प्रभावित इलाकों का दौरा करेंगी व स्थानीय लोगों से रास्ते में मिलेंगी।
मंत्रालय के आंकड़ों के मुताबिक, रक्षा बलों ने 30 नवंबर से 71 तमिलनाडु के मछुआरों को, केरल के 250 लोगों को, लक्षद्वीप व मिनिकाय द्वीप के 38 लोगों को बचाया है।
dharmpath.com dharmpath