भुवनेश्वर, 7 दिसम्बर (आईएएनएस)। अपने अच्छे डिफेंस के दम पर अर्जेटीना ने गुरुवार को हॉकी वल्र्ड लीग (एचडब्ल्यूएल) फाइनल्स के सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया है।
शीर्ष विश्व वरीयता प्राप्त अर्जेटीना ने कलिंगा स्टेडियम में खेले गए क्वार्टर फाइनल मैच में इंग्लैंड को 3-2 से मात दी।
अर्जेटीना ने मैच की शुरुआत अच्छी की थी। 21वें मिनट में लुकास विला की ओर से किए गए फील्ड गोल के दम पर टीम ने खाता खोला और सातवीं विश्व वरीयता प्राप्त इंग्लैंड के खिलाफ 1-0 से बढ़त ली।
माटियास पारेदेस ने 29वें मिनट में फील्ड गोल दागकर अर्जेटीना को 2-0 की बढ़त दी। अपनी कोशिशों को जारी रखते हुए इंग्लैंड ने 29वें मिनट में ही डेविड कोनडोन की ओर से दागे गए गोल के साथ अपना खाता खोला।
जुआन गिलार्डी ने 34वें मिनट में पेनाल्टी कॉर्नर पर मिले गोल के अवसर में सफलता हासिल कर अर्जेटीना का स्कोर 3-1 किया। इंग्लैंड ने अर्जेटीना के डिफेंस को भेदने का हर भरसक प्रयास किया।
मैच की समाप्ति के अंतिम मिनट में टीम को सफलता हासिल हुई और एडम डिक्सन ने फील्ड गोल दागकर स्कोर 2-3 किया, लेकिन जीच के लिए यह पर्याप्त नहीं था।
इस जीत के साथ ही अर्जेटीना ने सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया है। अर्जेटीना के अलावा, आस्ट्रेलिया और भारत ने भी सेमीफाइनल में अपनी जगह बना ली है।
dharmpath.com dharmpath