जेजीएलएस के छात्रों को एक साथ दो डिग्री करने का मौका

नई दिल्ली, 13 दिसम्बर (आईएएनएस)। ओपी जिंदल ग्लोबल यूनिवर्सिटी के जिंदल ग्लोबल लॉ स्कूल (जेजीएलएस) ने न्यूयॉर्क के कॉर्नेल लॉ स्कूल के साथ एक समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए हैं। इससे जेजीएलएस के छात्रों को एक साथ दो डिग्री कार्यक्रम करने का अवसर मिल जाएगा।

इस समझौता ज्ञापन पर नई दिल्ली में कॉर्नेल लॉ स्कूल के डीन प्रोफेसर एडुआडरे एम पेनलवेर और जेजीयू के संस्थापक और कुलपति डॉक्टर सी. राज कुमार ने हस्ताक्षर किए।

यह संयुक्त राज्य अमेरिका (कोलंबिया, कॉर्नेल, हार्वर्ड, ब्राउन, डार्टमाउथ, प्रिंसटन, येल और पेनसिल्वेनिया विश्वविद्यालय) के आठ आइवी लीग लॉ स्कूलों के इतिहास में पहली बार है कि यूरोप के बाहर के किसी लॉ स्कूल के साथ इतनी महत्वपूर्ण अंतर्राष्ट्रीय साझेदारी की गई है।

यह कार्यक्रम जेजीएलएस छात्रों के लिए कई रोमांचक अवसर खोलता है। इससे छात्रों को कॉर्नेल यूनिवर्सिटी लॉ स्कूल के शीर्ष प्रोफेसर्स तक पहुंच प्राप्त करने और सीखने में सहायता मिलेगी। कॉर्नेल यूनिवर्सिटी लॉ स्कूल की जेडी डिग्री हासिल करने वाले जेजीएलएस छात्र, अमेरिकी बार परीक्षा देने के साथ-साथ कॉर्नेल लॉ स्कूल के कैंपस रिक्रूटमेंट में भी हिस्सा ले सकेंगे।

कॉर्नेल लॉ स्कूल में जेजीएलएस छात्रों का पहला बैच 2018 से शुरू होगा। जेजीएलएस के वैसे छात्र जो पांच साल के लॉ कार्यक्रम के चौथे वर्ष में हैं और तीन साल के कार्यक्रम के दूसरे साल में है, इस कार्यक्रम में आवेदन करने के पात्र हैं।

जेजीयू के संस्थापक, कुलपति और जिन्दल ग्लोबल लॉ स्कूल के संस्थापक डीन डॉ. सी. राज कुमार ने कहा कि वैश्वीकृत दुनिया में जहां कानूनी प्रथा और लेनदेन क्रॉस-बॉर्डर नेचर की है, ऐसे में वैश्विक गुणवत्ता वाले शिक्षण और कानूनी प्रशिक्षण से लॉ स्कूल छात्रों के करियर को आकार देने में काफी मदद मिलेगी। एक उच्च शिक्षा डिग्री मजबूत नींव बनाने में मदद करती है और आवश्यक कौशल और ज्ञान प्रदान करती है।

कॉर्नेल लॉ स्कूल के डीन एडुआडरे एम पेनलवेर ने कहा, “कॉर्नेल लॉ स्कूल दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र के बेहतरीन कानून विद्यालयों में से एक के साथ इस नए सहयोग से उत्साहित है। हम जिंदल के छात्रों का हमारे जेडी कार्यक्रम में स्वागत करते है।”

जिंदल ग्लोबल यूनिवर्सिटी का कॉर्नेल लॉ स्कूल के साथ लंबा संबंध रहा हैं। 2011 में दोनों विश्वविद्यालय ने शैक्षणिक सहयोग के लिए एक लचीले फ्रेमवर्क को स्थापित करने के लिए समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किया था।

जेजीयू की साझेदारी वर्तमान में दुनिया के 50 से अधिक देशों के 200 से अधिक विश्वविद्यालयों और उच्च शिक्षा संस्थानों के साथ है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493