भोपाल, 14 दिसंबर (आईएएनएस)। मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल सहित राज्य के अन्य हिस्सों में गुरुवार सुबह मौसम साफ है, मगर हवाएं ठंड का अहसास करा रही हैं। वहीं, मौसम विभाग ने आगामी 24 घंटों में कोहरा छाने की संभावना जताई है।
राज्य में गुरुवार की सुबह हल्की धुंध छाई रही, दिन चढ़ने के साथ खिली धूप ने ठंड से कुछ राहत दिलाई।
मौसम विभाग के मुताबिक, पश्चिमी विक्षोभ (वेस्टर्न डिस्टर्बेस) के चलते हवाओं का रुख बदल रहा है। इसके चलते एक बार फिर तापमान में गिरावट के साथ ठंड का असर बढ़ सकता है। बीते 24 घंटों में भी कई स्थानों पर तापमान में गिरावट आई है।
मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि आगामी 24 घंटों में ग्वालियर, चंबल, रीवा और सागर संभागों में कई स्थानों पर हल्का व कई स्थानों पर घना कोहरा छा सकता है।
राज्य के तापमान में उतार-चढ़ाव का दौर जारी है। गुरुवार को भोपाल का न्यूनतम तापमान 14.6 डिग्री, इंदौर का 13.2 डिग्री, ग्वालियर का 11 डिग्री और जबलपुर का 14.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
वहीं बुधवार को भोपाल का अधिकतम तापमान 26.9 डिग्री, इंदौर का 25.8 डिग्री, ग्वालियर का 18.5 डिग्री और जबलपुर का 29.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।
dharmpath.com dharmpath