कश्मीर, मध्य एशिया के बीच ऐतिहासिक मार्ग फिर खोले जाएं : महबूबा

जम्मू, 16 दिसम्बर (आईएएनएस)। जम्मू एवं कश्मीर की मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती ने राज्य व मध्य एशिया के बीच प्राचीन व्यापारिक मार्गो को दोबारा खोलने की वकालत की है। आधिकारिक सूत्रों ने शनिवार को यह जानकारी दी।

उन्होंने गोवा के पणजी में शुक्रवार शाम इंडिया आईडिया कान्क्लेव 2017 में कहा, “इससे मध्य एशिया के लिए द्वार(गेटवे) वाले राज्य(जम्मू एवं कश्मीर) व इसके अवसरों केलिए बाहरी दुनिया से मेल-जोल बढ़ाने का मार्ग प्रशस्त होगा।”

मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी जगहों से संपर्क के लिए जम्मू एवं कश्मीर को मॉडल राज्य बनाना चाहिए, ताकि यह क्षेत्र में दक्षिण एशियाई क्षेत्रीय सहयोग संगठन (दक्षेस) सहयोग के लिए मॉडल बन सके।

उन्होंने कहा कि राज्य के नागरिकों में अपनेपन की भी भावना होनी चाहिए, क्योंकि भारत का विचार जम्मू एवं कश्मीर के विचार के बिना अधूरा है।

मुख्यमंत्री ने कहा, “पथराव में शामिल कश्मीरी युवकों को क्षमा करने का उद्देश्य उन्हें शांतिपूर्ण जिंदगी जीने का एक और मौका देना है।”

उन्होंने कहा, “हालांकि पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी व भारतीय जनता पार्टी के बीच कई मुद्दों पर वैचारिक मतभेद हैं, लेकिन उनके गठबंधन का उद्देश्य जम्मू एवं कश्मीर को अनिश्चतता से बाहर निकालना व देश के अन्य भागों से यहां के लोगों को जोड़ना है।”

कश्मीरी पंडित परिवारों की राज्य में वापसी को लेकर उन्होंने कहा, “न केवल सरकार, बल्कि पूरा कश्मीरी समाज उनकी सम्मानपूर्वक वापसी चाहता है।”

मुख्यमंत्री ने मीडिया से लोगों और समुदायों को करीब लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने की अपील की।

उन्होंने कहा कि कुछ मीडिया घरानों द्वारा घटनाओं की गैर जिम्मेदाराना कवरेज से विभिन्न लोगों व समुदायों में अधिक कलह और कटुता बढ़ती है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493