लखनऊ, 25 दिसम्बर (आईएएनएस)। पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी का 93वां जन्म दिन सोमवार को उनके गृह राज्य उत्तर प्रदेश में कई जगहों पर मनाया गया। इस मौके पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) मुख्यालय सहित कई जगहों पर कार्यक्रम आयोजित किए गए।
वाजपेयी लंबे समय तक लखनऊ से लोकसभा सांसद रहे और राज्य में उनके प्रशंसकों, समर्थकों व दोस्तों की लंबी सूची है।
पार्टी के महासचिव विजय बहादुर पाठक ने कहा कि राज्य में भाजपा के पदाधिकारी विभिन्न जगहों पर वाजपेयी का जन्मदिन मना रहे हैं। भाजपा इसे सुशासन दिवस के तौर पर मनाती है।
कई जगहों पर वाजपेयी के कविता पक्ष को पहचान देने के लिए कविता पाठ का आयोजन किया गया है। इस मौके पर लखनऊ की शहर ईकाई ने एक ‘तेहरी भोज’ शुरू किया, जिसमें कई वरिष्ठ नेताओं सहित वाजपेयी के करीबी रहे लालजी टंडन, उनके बेटे व चिकित्सा शिक्षा मंत्री आशुतोष टंडन, उप मुख्यमंत्री दिनेश शर्मा व पर्यटन मंत्री रीता बहुगुणा जोशी ने भाग लिया।
dharmpath.com dharmpath