पूर्व केंद्रीय मंत्री रघुनाथ झा का निधन

पटना, 15 जनवरी (आईएएनएस)। पूर्व केंद्रीय मंत्री और बिहार के जाने-माने नेता रघुनाथ झा का रविवार देर रात दिल्ली के राम मनोहर लोहिया अस्पताल में इलाज के दौरान निधन हो गया।

वह 78 साल के थे।

रघुनाथ झा के परिजनों के मुताबिक, झा ने रविवार रात अंतिम सांस ली। वह काफी दिनों से बीमार थे और उनका इलाज दिल्ली के राम मनोहर लोहिया अस्पताल में चल रहा था। झा को राष्ट्रीय जनता दल (राजद) प्रमुख लालू प्रसाद यादव का काफी नजदीकी माना जाता था।

झा के निधन की खबर सुनने के बाद उनके समर्थकों में शोक की लहर है।

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने पूर्व केंद्रीय मंत्री रघुनाथ झा के निधन पर गहरा शोक एवं दुख व्यक्त किया है।

उन्होंने अपने शोक संदेश में कहा, “रघुनाथ झा एक कुशल राजनेता एवं कर्मठ समाजसेवी थे। उनके निधन से न केवल राजनीतिक बल्कि सामाजिक क्षेत्र को भी अपूरणीय क्षति हुई है।”

मुख्यमंत्री ने झा का अंतिम संस्कार राजकीय सम्मान के साथ किए जाने की बात कही है। मुख्यमंत्री ने दिवंगत आत्मा की शांति और उनके परिजनों, अनुयायियोंएवं प्रशंसकों को दुख की इस घड़ी में धैर्य बनाए रखने की शक्ति प्रदान करने की ईश्वर से प्रार्थना की।

शिवहर जिले के अंबाकला गांव के रहने वाले रघुनाथ झा का लंबा राजनीतिक जीवन रहा। वह छह बार विधायक और दो बार सांसद रहे हैं। वह बिहार सरकार में कई बार कई विभागों के मंत्री बने। केंद्र में मनमोहन सिंह सरकार में रघुनाथ को भारी उद्योग राज्यमंत्री बनाया गया था।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493