छत्तीसगढ़ के प्रथम राज्यपाल दिनेश नंदन नहीं रहे

रायपुर, 29 जनवरी (आईएएनएस)। छत्तीसगढ़ के प्रथम राज्यपाल दिनेश नंदन सहाय का सोमवार को लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया। सहाय वर्ष 2000 से 2003 तक छत्तीसगढ़ के राज्यपाल रहे। उन्होंने अपने गृहनगर बिहार के मधेपुरा में अंतिम सांस ली।

पूर्व राज्यपाल के निधन पर छत्तीसगढ़ के सियासी गलियारों में शोक पसर गया है। उनका जन्म 2 फरवरी, 1936 को हुआ था। सहाय छत्तीसगढ़ के अलावा त्रिपुरा के भी राज्यपाल रह चुके थे।

छत्तीसगढ़ के राज्यपाल बलरामजी दास टंडन ने सहाय के निधन पर गहरी संवेदना व्यक्त की है। उन्होंने अपने संदेश में कहा है कि सहाय ने अपने राजनैतिक एवं प्रशासनिक जीवन में एक प्रभावशाली छाप छोड़ी। उन्होंने हमेशा गरीबों, किसानों के हित में कार्य किया।

मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने सहाय के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने सहाय के परिवार के प्रति अपनी और छत्तीसगढ़ की जनता की ओर से संवेदना प्रकट की है।

सिंह ने अपने शोक संदेश में कहा है कि नवंबर, 2000 में नए छत्तीसगढ़ राज्य के गठन के बाद यहां के प्रथम राज्यपाल के रूप में सहाय ने कुशल प्रशासनिक दक्षता के साथ जनता को अपनी मूल्यवान सेवाएं दीं। वह एक कुशल प्रशासक थे। छत्तीसगढ़ प्रदेश के विकास के लिए उन्होंने हमेशा सरकार का पथ-प्रदर्शन किया।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493