लखनऊ /उन्नाव, 30 जनवरी (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश में उन्नाव जिले से भारतीय जनता पार्टी के सांसद साक्षी महाराज ने कासगंज हिंसा के लिए कांग्रेस को जिम्मेदार ठहराया है। उन्होंने कहा कि ‘भारत माता की जय’ बोलने वाले पर कोई हमला नहीं कर सकता। इतना बड़ा दंगा कांग्रेस की साजिश से ही भड़का है।
उन्नाव स्थित पार्टी कार्यालय में पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा, “जब से केंद्र में मोदी सरकार और और सूबे में योगी सरकार आई है, तब से विपक्ष बहुत मायूस हो गया है, क्योंकि कहीं भी सांप्रदायिक दंगे नहीं हुए। कासगंज के मामले में आज जो कांग्रेस की स्थिति है, उसमें मुझे बहुत बड़ी साजिश की बू नजर आती है। योजनाबद्ध तरीके से मोदी और योगी को बदनाम करने के लिए ये दंगे कराए गए।”
वर्ष 2014 में संसद की सीढ़ी पर खड़े साक्षी महाराज ने मीडिया के सामने कहा था कि महात्मा गांधी की हत्या करने वाले नाथूराम गोडसे उनके आदर्श हैं और उनके लिए पूजनीय हैं। उनके इस बयान पर पार्टी अध्यक्ष अमित शाह ने उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी किया था।
गांधी के शहादत दिवस पर साक्षी महाराज ने बरेली के डीएम के बयान के विपरीत कहा, “दंगे से इसलिए भी साजिश की बू आ रही है, क्योंकि हिंदुस्तान में भारत माता की जय, हिंदुस्तान जिंदाबाद और वंदेमातरम् के नारे लगाने से किसको ऐतराज हो सकता है। अगर भारत के अंदर ऐसे नारे लगाने वालों पर हमला किया जाएगा, उन्हें मार दिया जाएगा तो इससे बड़ा दुर्भाग्य और खतरनाक बात क्या हो सकती है।”
dharmpath.com dharmpath