शिवराज मंत्रिमंडल का विस्तार, 3 मंत्रियों ने ली शपथ (लीड-1)

भोपाल, 3 फरवरी (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने शनिवार को अपने मंत्रिमंडल का विस्तार किया। राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने राजभवन में आयोजित समारोह में तीन नए मंत्रियों को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई।

राजभवन के दरबार हाल में आयोजित समारोह में राज्यपाल पटेल ने नारायण सिंह कुशवाहा, जालम सिंह पटेल और बालकृष्ण पाटीदार को शपथ दिलाई। कुशवाहा को कैबिनेट और शेष दो को राज्यमंत्री के तौर पर शपथ दिलाई गई।

इस मौके पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, विधानसभा अध्यक्ष सीतासरन शर्मा, मंत्रि-परिषद् के सदस्य और भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष नन्दकुमार सिंह चौहान उपस्थित थे। मुख्य सचिव बी़ पी़ सिंह ने शपथ ग्रहण समारोह की कार्यवाही का संचालन किया।

तीन मंत्रियों के शपथ लेने से पहले शिवराज मंत्रिमंडल में 19 कैबिनेट और नौ राज्य मंत्री थे। इस तरह कुल 28 मंत्री थे, जो अब बढ़कर 31 हो गए हैं। अभी भी दो मंत्रियों के पद खाली हैं। चौहान ने भी संवाददाताओं से चर्चा के दौरान कहा कि, आगे भी मंत्रिमंडल का विस्तार हो सकता है।

नवनियुक्त मंत्रियों को मंत्रालय वल्लभ भवन में कक्षों का भी आवंटन कर दिया गया है। कैबिनेट मंत्री कुशवाहा को चौथी मंजिल, राज्य मंत्री पाटीदार को तीसरी मंजिल और जालम सिंह पटेल को भूतल में कक्ष आवंटित किया गया है।

कैबिनेट मंत्री बनाए गए कुशवाहा ग्वालियर दक्षिण विधानसभा से तीसरी बार विधायक हैं, इससे पहले दो बार मंत्री रह चुके हैं। यह उनके लिए मंत्री पद की शपथ लेने का तीसरा अवसर है। वहीं राज्यमंत्री जालम सिंह पटेल नरसिंहपुर से विधायक हैं। वे दूसरी बार के विधायक हैं और पहली बार मंत्री बने हैं। जालम सिंह दमोह से सांसद प्रहलाद पटेल के छोटे भाई हैं। इसके अलावा राज्य मंत्री बनाए गए पाटीदार खरगोन से दूसरी बार के विधायक हैं और पहली दफा मंत्री बने हैं।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493