भोपाल, 9 मार्च (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश की राजधानी के एक पॉश इलाके में रहने वाले बुजुर्ग दंपति की अज्ञात बदमाशों ने गला रेतकर हत्या कर दी गई।
पुलिस मामले की जांच कर रही है।
राज्य के गृहमंत्री भूपेंद्र सिंह ने आरोपियों के जल्द पकड़े जाने की उम्मीद जताई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, अवधपुरी थाने के खजूरी कलां स्थित आवासीय कॉलोनी में रहने वाले जी.के नायर (75) और उनकी पत्नी गोमती (62) के शव शुक्रवार सुबह खून से लथपथ मिले।
बुजुर्ग दंपति अकेले रहते थे। हत्या का खुलासा तब हुआ, जब उनके घर में काम करने वाली महिला ने दरवाजा नहीं खोलने पर पुलिस को सूचित किया।
अवधपुरी थाने के प्रभारी मनोज मिश्रा ने आईएएनएस को बताया, “बुजुर्ग दंपति की गला रेतकर हत्या की गई है। हत्या की वजह का खुलासा नहीं हो पाया है। आरोपियों की तलाश शुरू कर दी गई है।”
राज्य के गृहमंत्री भूपेंद्र सिंह ने संवाददाताओं से चर्चा के दौरान कहा कि पुलिस जांच में जुटी है और आरोपियों को जल्दी ही पकड़ लिया जाएगा।
पुलिस को आशंका है कि हत्या में किसी परिचित का हाथ हो सकता है क्योंकि मुख्य गेट पर ताला लगा मिला जबकि अंदर का दरवाजा खुला हुआ था। इसके साथ ही न तो संघर्ष के निशान मिले हैं और न ही लूटपाट आदि की कोशिश की गई।
ऐसा हो सकता है बुजुर्ग दंपति की हत्या सोते समय की गई हो।
dharmpath.com dharmpath