झांसी, 14 मार्च (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश में राज्य सरकार भले ही भू-माफियाओं के खिलाफ अभियान छेड़ने का दावा कर रही हो, लेकिन झांसी जिले की मऊरानीपुर तहसील में एक गांव में बने मंदिर के भगवान को अपने भक्तों के साथ ही मंदिर को बचाने के लिए उपजिलाधिकारी कार्यालय के सामने धरना देना पड़ा।
झांसी जिले के मऊरानीपुर तहसील क्षेत्र के रोरा गांव में एक पुराना मंदिर है, जहां भगवान ठाकुर जी विराजमान हैं। छह माह पहले यहां के पुजारी ने गांव की सुधा रानी नामक महिला को मंदिर की जमीन बेच दी और गायब हो गया। जिसके बाद अब न तो मंदिर में कोई पुजारी है और ही रोजाना की तरह पूजा-अर्चना होती है। गुस्साए ग्रामीण इकठ्ठा होकर भगवान ठाकुर जी की प्रतिमा को लेकर उपजिलाधिकारी कार्यालय में धरने पर बैठ गए।
गुस्साए ग्रामीणों का आरोप है कि सुधा रानी नाम की महिला ने पुजारी से जबर्दस्ती मंदिर में लगी कृषि भूमि की रजिस्ट्री करा ली और पुजारी को भगा दिया। उन्होंने उपजिलाधिकारी से भगवान की जमीन वापस दिलाने की मांग की है। धरना दे रहे ग्रामीणों ने तहसीलदार पर रिश्वत लेकर मंदिर की जमीन लिखवाने का भी आरोप लगाया है।
मऊरानीपुर की उपजिलाधिकारी (एसडीएम) वान्या सिंह ने बताया कि ग्रामीणों को समझा-बुझा लिया गया है और नियमानुसार मंदिर की जमीन वापस करने की कार्रवाई की जाएगी।
dharmpath.com dharmpath