राष्ट्रपति ने 43 हस्तियों को पद्म पुरस्कार प्रदान किए

नई दिल्ली, 2 अप्रैल (आईएएनएस)। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने सोमवार को राष्ट्रपति भवन में आयोजित एक समारोह में 43 लोगों के दूसरे समूह को पद्म पुरस्कार प्रदान किए।

केन्द्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने रविवार को पुरस्कार विजेताओं के सम्मान में रात्रिभोज का आयोजन किया था। उन्होंने कहा कि पद्म पुरस्कार प्राप्त करने वाले सभी लोगों पर देश को गर्व है, क्योंकि देश के विकास में इनका महत्वपूर्ण योगदान है।

विजेताओं को बधाई देते हुए उन्होंने कहा कि उनकी निस्वार्थ सेवा अबतक स्थानीय स्तर पर पहचानी जाती थी। परंतु इन पुरस्कारों से उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिली है।

इस अवसर पर विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने कहा, “प्रत्येक पद्म पुरस्कार विजेता ने अपने क्षेत्र में कठिन कार्य किया है। विजेताओं को इस बात की आशा नहीं थी कि समाज उन्हें सम्मानित करेगा।”

सुषमा ने मीडिया से आग्रह किया कि उन्हें पुरस्कार विजेताओं की उपलब्धियों को रेखांकित करना चाहिए, जो अद्भुत, अविश्वसनीय और अकल्पनीय हैं। उन्होंने आसियान देशों के विजेताओं की उपलब्धियों का विशेष रूप से उल्लेख किया।

इस अवसर पर कई पुरस्कार विजेताओं ने अपने कार्य और अनुभव साझा किए।

केन्द्रीय गृह राज्यमंत्री किरेन रिजिजू, राष्ट्रपति के सचिव संजय कोठारी तथा गृह सचिव राजीव गॉबा भी इस अवसर पर उपस्थित थे।

गणतंत्र दिवस के अवसर पर प्रतिवर्ष पद्मविभूषण, पद्मभूषण और पद्मश्री पुरस्कारों की घोषणा की जाती है। ये पुरस्कार विभिन्न क्षेत्रों जैसे कला, साहित्य व शिक्षा, खेल, चिकित्सा, सामाजिक कार्य, विज्ञान और प्रौद्योगिकी, सिविल सेवा, व्यापार व उद्योग के क्षेत्र में प्रदान किए जाते हैं।

पद्म पुरस्कार 2018 के 43 विजेताओं के पहले समूह को 20 मार्च को आयोजित एक विशेष समारोह में सम्मानित किया गया था।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493