उप्र : काले हिरण की मौत मामले में जांच के आदेश

बांदा, 6 अप्रैल (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के बांदा जिले में चिल्ला थाना क्षेत्र के महेंदू गांव में सोमवार शाम आवारा कुत्तों के हमले में घायल दुर्लभ प्रजाति के काले हिरण की मौत की जांच करने के आदेश जिलाधिकारी ने शुक्रवार को दे दिया।

जिलाधिकारी दिव्य प्रकाश गिरि ने जिला वनाधिकारी को मामले की जांच कर रपट सौंपने को कहा है।

गिरि ने बताया कि सोमवार शाम पानी की तलाश में महेंदू गांव की बस्ती में घुस आए एक वयस्क काला हिरण आवारा कुत्तों के हमले में घायल हो गया था, जिसकी कथित तौर पर समय से उपचार न मिलने पर मौत हो गई थी।

उन्होंने कहा कि इस मामले में वन कर्मियों की लापरवाही सामने आने पर जांच के आदेश दिए गए हैं और जिला वनाधिकारी (डीएफओ) से रिपोर्ट मांगी गई है।

गौरतलब है कि चिल्ला थाने की पुलिस ने सोमवार शाम करीब आठ बजे वन विभाग को काले हिरण के घायल होने की सूचना दी थी।

वन रक्षक राजेंद्र क्षेत्रीय वन दरोगा राम प्रसाद के साथ गांव पहुंचे और उन्होंने घायल हिरण को कब्जे में ले लिया था। लेकिन वन अधिकारियों हिरण को पशु अस्पताल पहुंचाने के बजाय उसे भरौड़ा गांव के पशु बाड़े में रात भर रखा, जहां अत्यधिक रक्त स्राव के कारण उसकी मौत हो गई।

जोधपुर न्यायालय द्वारा सलमान खान को काले हिरण के शिकार मामले में गुरुवार को सुनाई गई पांच साल की सजा के बाद यहां काले हिरण की मौत का मामला मीडिया में छा गया और जिलाधिकारी को जांच के आदेश देने पड़े।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493