जम्मू, 10 अप्रैल (आईएएनएस)। बच्ची के साथ दुष्कर्म और हत्या मामले में जम्मू एवं कश्मीर की एक अदालत में आरोपपत्र दाखिल करने गई अपराध शाखा टीम को रोकने का प्रयास करने वाले वकीलों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने मंगलवार को इस बात की जानकारी दी।
पुलिस महानिदेशक एस.पी. वैद्य ने फोन पर आईएएनएस को बताया, “कठुआ की मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट की अदालत में सोमवार को अपराध शाखा द्वारा आरोपपत्र के प्रस्तुतीकरण में कुछ वकीलों द्वारा बाधा डालने के प्रयास की घटना में प्राथमिकी दर्ज की गई है। घटना में जो भी शामिल पाया जाएगा, उसके खिलाफ कानून के तहत कार्रवाई की जाएगी।”
वकीलों के विरोध पर काबू पाने के लिए पुलिस को हस्तक्षेप करना पड़ा। इसके बाद अदालत में दुष्कर्म-हत्या के सातों आरोपियों के खिलाफ आरोपपत्र दायर किया जा सका।
कठुआ जिले की हीरानगर तहसली के रासाना गांव में जनवरी माह में एक आठ साल की बच्ची का अपहरण कर उसके साथ दुष्कर्म किया गया और बाद में हत्या कर दी गई थी।
पूर्व मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने आरोपपत्र दाखिल करने में रुकावट का प्रयास करने वाले वकीलों की निंदा की थी। उन्होंने प्राथमिकी दर्ज करने का स्वागत किया है।
नेशनल कांफ्रेंस के नेता ने ट्वीट कर कहा, “गुड। जो वकील कानून का कोई सम्मान नहीं करते, उन पर कानून की किताबों का सारा बोझ डाल देना चाहिए।”
dharmpath.com dharmpath