भुवनेश्वर, 13 अप्रैल (आईएएनएस)। सुपर कप के प्री-क्वार्टर फाइनल में केरला ब्लास्टर्स को हराने वाली आई-लीग क्लब नेरोका एफसी आज सुपर कप के क्वार्टर फाइनल में इंडियन सुपर लीग (आईएसएल) के उपविजेता बेंगलुरू एफसी का सामना करेगी।
बेंगलुरू को हराकर नेरोका सेमीफाइनल में प्रवेश करना चाहेगी। दूसरी तरफ, एएफसी कप के मैच में अंतिम क्षणों में जीत दर्ज करने के बाद बेंगलुरू का ध्यान अब नेरोका एफसी को मात देने पर केंद्रित होगा।
बेंगलुरू एफसी के कोच एल्बर्ट रोका ने कहा वह अपनी रणनीति पर बने रहेंगे और वह कभी भी अपने स्तर को गिरने नहीं दे सकते।
एल्बर्ट रोका ने कहा, “हम अपने स्तर में गिरावट नहीं ला सकते और हमें लगातार अच्छा प्रदर्शन करना होगा। हम हमेशा जीतने की कोशिश करते हैं और यह सोच मैं अपने खिलाड़ियों में भी डालना चाहता हूं।”
यह पूछे जाने पर कि बेंगलुरू कौन से टूर्नामेंट को अधिक प्राथमिकता देती है, स्पेन के रोका ने कहा, “हमारे लिए सभी टूर्नामेंट महत्वपूर्ण हैं, हम किसी एक को नहीं चुन सकते। सुपर कप के नॉकआउट टूर्नामेंट है जबकि एफसी कप के ग्रुप स्तर पर कई मैच होते हैं।”
रोका ने कहा, “हम एक साथ दो टूर्नामेंट खेल रहे हैं और क्लब जो चाहता है, वह स्थिति को मुश्किल बनाती हैं। लेकिन हम पेशेवर खिलाड़ी हैं और सकारात्मक हैं। हम ज्यादा टूर्नामेंट में खेल रहे हैं जो यह दर्शाता है कि हम देश के शीर्ष क्लब हैं।”
दूसरी तरफ नेरोका एफसी ने सुपर कप के प्री-क्वार्टर फाइनल में केरला ब्लास्टर्स को हराया था।
नेरोका के कोच गिफ्त राइखान ने कहा, “हम केरला ब्लास्टर्स के खिलाफ भाग्यशाली थे कि दो गोलों से पिछड़ने के बाद भी हम जीत गए। बेंगलुरू के खिलाफ भी एक और कड़ा मुकाबला होगा। वह एक अच्छी टीम है और हम उनकी सम्मान करते हैं।”
राइखान ने कहा, “हमें लड़ने की और मैदान पर अपना 100 प्रतिशत देने की जरूरत है। युवा खिलाड़ियों के लिए खुद को साबित करने का यह सुनहरा मौका है। हम इस टूर्नामेंट को पेशेवर में आगे बढ़ने के लिए महत्वपूर्ण मान रहे हैं।”
राइखान ने आगे कहा, “मैच के नतीजे पर हमारा नियंत्रण नहीं है लेकिन हम इस मौके को दोनो हातों से लपकना चाहेंगे।”
dharmpath.com dharmpath