राकेश सिंह मप्र भाजपा के नए अध्यक्ष (लीड-1)

भोपाल, 18 अप्रैल (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेशाध्यक्ष पद पर बदलाव कर दिया गया है। नंदकुमार सिंह चौहान के स्थान पर जबलपुर से सांसद राकेश सिंह को पार्टी का नया प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया है।

पार्टी के मुख्यालय प्रभारी और राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह द्वारा बुधवार को संगठनात्मक नियुक्तियों के संदर्भ में एक आदेश जारी किया। इसमें मध्य प्रदेश इकाई का अध्यक्ष राकेश सिंह को बनाया गया है। वहीं निवर्तमान अध्यक्ष नंदकुमार सिंह चौहान के अलावा राजस्थान के अशोक परनामी, आंध्र प्रदेश के डॉ. के हरिबाबू को भाजपा कार्यसमिति का सदस्य नियुक्त किया गया है।

ज्ञात हो कि, पिछले काफी समय से भाजपा में प्रदेशाध्यक्ष बदलने की कवायद चल रही थी। भाजपा कोर ग्रुप की मंगलवार देर रात तक बैठक चली और उसमें मंत्री भूपेंद्र सिंह, नरोत्तम मिश्रा, राजेंद्र शुक्ला और महामंत्री वी.डी. शर्मा के नाम पर चर्चा हुई लेकिन इनमें से किसी भी नाम पर सहमति नहीं बनी। बाद में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की सहमति से जबलपुर से सांसद राकेश सिंह को अध्यक्ष बनाने का निर्णय हुआ। इसके बाद पार्टी हाईकमान को अवगत कराया गया।

मुख्यमंत्री चौहान ने मंगलवार को ही एक निजी समाचार चौनल के कार्यक्रम में नए अध्यक्ष को लेकर कहा था कि बुधवार तक स्थिति स्पष्ट हो जाएगी।

भाजपा में देर रात तक चले घटनाक्रम में नंद कुमार सिंह चौहान ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया जिसके बाद कोर ग्रुप और मुख्यमंत्री चौहान ने राकेश सिंह के नाम पर मुहर लगा दी।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493