जूनियर हॉकी : यूथ ओलम्पिक क्वालीफायर के लिए रवाना हुईं महिला, पुरुष टीमें

नई दिल्ली, 23 अप्रैल (आईएएनएस)। भारत की जूनियर महिला और पुरुष हॉकी टीमें सोमवार सुबह यूथ ओलम्पिक क्वालीफायर के लिए थाईलैंड रवाना हो गई हैं।

यूथ ओलम्पिक क्वालीफायर का आयोजन 25 अप्रैल से थाईलैंड के बैंकॉक में हो रहा है, जो पांच दिनों तक चलेगा। यूथ ओलम्पिक खेलों का आयोजन इसी साल ब्यूनस आयर्स में होगा।

जूनियर पुरुष हॉकी की नौ सदस्यीय टीम की कप्तानी विवेक सागर प्रसाद कर रहे हैं। वह इस साल राष्ट्रमंडल खेलों में हिस्सा लेने गई भारतीय पुरुष हॉकी टीम का हिस्सा थे।

क्वालीफायर के लिए भारतीय जूनियर पुरुष टीम को पूल-ए में कोरिया, जापान, हांगकांग, चीन और थाईलैंड के साथ शामिल किया गया है। 25 अप्रैल को वह अपना पहला मैच मेजबान थाईलैंड के खिलाफ खेलेगी।

जूनियर पुरुष हॉकी टीम के कोच जूड फेलिक्स ने कहा, “हमने आगरा में अच्छी तैयारी की थी। टीम ने पिछले एक माह में कड़ी मेहनत की है। इस दौरान, खिलाड़ियों के रिएक्शन टाइम में काफी सुधार किया गया है। मुझे क्वालीफायर में अच्छे परिणाम की आशा है।”

भारत की जूनियर महिला हॉकी टीम की कमान सलीमा तेते को सौंपी गई है, वहीं लालरेमसियामी उप-कप्तान बनी हैं। वह भी इस साल राष्ट्रमंडल खेलों में महिला हॉकी टीम का हिस्सा थीं।

महिला जूनियर टीम के कोच बलजीत सिंह सैनी ने कहा, “ऐसी खिलाड़ियों का टीम में होना जरूरी है, जिन्हें सीनियर टीम के साथ खेलने का मौका मिला है। इस टीम ने अच्छी तैयारी की है और वह हर चुनौती के लिए तैयार है।”

इस क्वालीफायर के लिए भारतीय महिला जूनियर टीम को कोरिया, थाईलैंड और सिंगापुर के साथ एक ग्रुप में शामिल किया गया है। महिल टीम 25 अप्रैल को अपना पहला मैच सिंगापुर के खिलाफ खेलेगी।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493