हिमाचल : अवैध ढांचे गिराने गई महिला अधिकारी की गोली मारकर हत्या

शिमला, 1 मई (आईएएनएस)। हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले में मंगलवार को एक अवैध ढांचे को तोड़ने के मुद्दे पर एक गेस्ट हाउस के मालिक ने एक महिला सहायक टाउन एंड कंट्री प्लानर की गोली मारकर हत्या कर दी, और इस दौरान एक मजदूर घायल हो गया।

पुलिस ने कहा कि सर्वोच्च न्यायालय के आदेश पर धरमपुर इलाके में कर्मचारियों ने जैसे ही तोड़क कार्रवाई शुरू की, नारायणी गेस्ट हाउस के मालिक विजय कुमार ने कथित तौर पर हवा में दो चक्र गोलियां दागीं।

पुलिस के एक अधिकारी ने आईएएनएस से कहा कि इस दौरान एक गोली जाकर शैल बाला को लग गई और घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई। मजदूर गुलाब सिंह के पेट में एक गोली लगी और वह घायल हो गया।

इस दौरान बिजली विभाग के एक उपप्रखंड अधिकारी, संजय नेगी बाल-बाल बच गए।

जिला प्रशासन के अधिकारी कसौली इलाके में 13 होटलों एवं रिसॉर्ट्स में अवैध निर्माण ढहा रहे थे, और इसी दौरान यह घटना घटी।

मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने अधिकारी के निधन पर शोक जताया है और कहा कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा और कानून के अनुसार, उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। “राज्य में किसी भी कीमत पर कानून-व्यवस्था को बरकरार रखा जाएगा।”

सर्वोच्च न्यायालय ने कई होटलों एवं रिसॉर्ट्स में अवैध निर्माण को ढहाने के लिए 17 अप्रैल को आदेश दिया था।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493