कर्नाटक चुनाव किसानों का भविष्य तय करेगा : मोदी

कलबुर्गी, 3 मई (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने यहां गुरुवार को कर्नाटक के लोगों से विधानसभा चुनाव में बदलाव के लिए वोट करने का आग्रह किया और कहा कि लोगों का जनादेश किसानों व युवाओं का भविष्य तय करेगा।

मोदी ने कलबुर्गी में नवोदय विद्यालय के मैदान में एक चुनावी सभा में कहा, “यह चुनाव कर्नाटक के किसानों व युवाओं का भविष्य तय करने जा रहा है। यह महिला सुरक्षा के बारे में है। इसे सिर्फ विधायक का चुनाव मत मानिए, यह इससे कहीं ज्यादा है।”

कलबुर्गी राजधानी बेंगलुरू से 630 किलोमीटर उत्तर-पश्चिम में है।

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के लिए कन्नड़भाषी राज्य में दूसरे दिन प्रचार कर रहे मोदी ने सभा को करीब 30 मिनट तक हिंदी में संबोधित किया।

राज्य सरकार पर किसानों के प्रति उदासीन रहने का आरोप लगाते हुए मोदी ने कहा कि राज्य केंद्र सरकार की योजनाओं का फायदा किसानों तक पहुंचाने में विफल रही है।

उन्होंने कहा, “कलबुर्गी को दाल की खेती के लिए जाना जाता है। हमारे किसान यहां कठिन परिश्रम कर रहे हैं, लेकिन कर्नाटक सरकार उनकी स्थिति को लेकर असंवेदनशील है।”

कर्नाटक में भाजपा का चेहरा यानी भ्रष्टाचार के मामले में जेल का पानी पी चुके पूर्व मुख्यमंत्री बी.एस. येदियुरप्पा की तारीफ करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा, “येदियुरप्पा किसान के बेटे हैं, जो किसानों की चिंताओं को समझते हैं।”

उन्होंने कहा, “येदियुरप्पा के रूप में हमारे पास एक ऐसा नेता है जो किसानों के कल्याण के प्रति समर्पित है। उनके लिए किसानों का कल्याण शीर्ष प्राथमिकता है।”

मोदी बाद में बेल्लारी व बेंगलुरू में रैलियों को संबोधित करेंगे।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493