आंध्र में नाबालिग के साथ दुष्कर्म का आरोपी मृत मिला

विजयवाड़ा, 4 मई (आईएएनएस)। आंध्रप्रदेश के गुंटूर जिले में एक नौ वर्षीय बच्ची से दुष्कर्म के 50 वर्षीय आरोपी ने कथित रूप आत्महत्या कर ली। राज्य के गृहमंत्री एन. चिन्नाराजप्पा ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

आरोपी सुब्बैया का शव दाचेपल्ली से 20 किलोमीटर दूर दैदा गांव में एक पेड़ से लटका हुआ मिला। रिक्शा चालक आरोपी ने दाचेपल्ली में ही बुधवार को इस घटना को अंजाम दिया था।

घटना के बाद लोगों के गुस्से की वजह से पुलिस ने आरोपी को पकड़ने के लिए सघन तलाशी अभियान चलाया था। उसे मंदिर के समीप एक पेड़ से लटका हुआ पाया गया।

पुलिस ने पहले संदेह जताया था कि आरोपी आत्महत्या कर सकता है। पुलिस महानिदेशक एम. मालाकोंदैया ने गुरुवार रात बताया कि उसे कृष्णा नदी की ओर जाते देखा गया था और कथित रूप से उसने एक व्यक्ति से कहा था कि वह अपना जीवन समाप्त करना चाहता है।

पुलिस ने कहा कि आरोपी मानसिक रूप से अस्वस्थ था। उसने दो बार शादी की थी, लेकिन दोनों पत्नियों ने उसे छोड़ दिया था।

दाचेपल्ली में बुधवार रात दुष्कर्म की घटना के बाद लोग काफी आक्रोशित हो गए थे और पीड़ित के परिवार के लिए न्याय की मांग की थी।

इसबीच राज्य सरकार ने पीड़ित के लिए पांच लाख रुपये की सहायता राशि की घोषणा की है। गृहमंत्री ने शुक्रवार को पीड़िता से गुंटूर अस्पताल में मुलाकात की थी, जहां उसका इलाज चल रहा है।

चिन्नाराजप्पा ने यह भी कहा था कि सरकार ऐसी घटनाओं से कड़ाई से निपटेगी।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493