बिहार : हथियारबंद बदमाशों ने स्कूल में घुसकर शिक्षक की हत्या की

हाजीपुर, 7 मई (आईएएनएस)। बिहार के वैशाली जिले के भगवानपुर थाना क्षेत्र में सोमवार को हथियारबंद बदमाशों ने स्कूल में घुसकर एक शिक्षक की गोली मारकर हत्या कर दी। हत्या के कारणों का अभी पता नहीं चल सका है।

पुलिस के अनुसार, “भगवानपुर स्थित लक्ष्मी नारायण उच्च विद्यालय के शिक्षक राकेश रंजन अन्य दिनों की भांति सोमवार को स्कूल आए थे और स्कूल परिसर में स्थित हैंडपंप के पास खड़े थे। इसी दौरान एक बाइक पर सवार होकर आए तीन अपराधियों ने उन्हें गोली मार दी।”

घायल अवस्था में शिक्षक रंजन जान बचाने के इरादे से प्रधानाध्यापक कार्यालय में दौड़े परंतु अपराधियों ने कार्यालय में पहुंचकर उन्हें फिर गोली मारी, जिससे उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। घटना को अंजाम देने के बाद अपराधी हवा में हथियार लहराते हुए वहां से फरार हो गए।

इस घटना के बाद से स्कूल के शिक्षकों और छात्रों के बीच दहशत का माहौल है।

वैशाली के सहायक पुलस अधीक्षक अजय कुमार ने बताया कि फिलहाल हत्या के कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस पूरे मामले की छानबीन कर रही है। उन्होंने बताया कि अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी प्रारंभ कर दी गई है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493