भोपाल, 13 मई (आईएएनएस)। राजस्थान और गुजरात की ओर से आ रही गर्म हवाओं ने मध्य प्रदेश में गर्मी बढ़ा दी है, अधिकतम तापमान 46 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया है। वहीं, मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि आगामी 24 घंटों में राज्य के कई हिस्सों मे लू चल सकती है।
राजधानी भोपाल सहित राज्य के अन्य हिस्सों में रविवार की सुबह से मौसम साफ है और तेज धूप है, जो चुभन पैदा करने वाली है। मौसम विभाग के मुताबिक, राजस्थान व गुजरात की ओर से आ रही गर्म हवाओं से तापमान में उछाल आया है। बीते 24 घंटों में होशंगाबाद, खरगोन व नौगांव में 46 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।
मौसम विभाग के अनुसार, आगामी 24 घंटों में राज्य के कई हिस्सों में लू चलने के आसार हैं। इस दौरान आम जन को विशेष सतर्कता बरतना होगी।
राज्य के तापमान में उतार-चढ़ाव जारी है। रविवार को भोपाल का न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस, इंदौर का 25.5 डिग्री, ग्वालियर का 23.8 डिग्री और जबलपुर का न्यूनतम तापमान 29.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
वहीं शनिवार को भोपाल का अधिकतम तापमान 42.6 डिग्री सेल्सियस, इंदौर का 42 डिग्री सेल्सियस, ग्वालियर का 45 डिग्री सेल्सियस और जबलपुर का अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।
dharmpath.com dharmpath