नई दिल्ली, 14 मई (आईएएनएस)। आयुष्मान भारत योजना लागू करने पर विचार-विमर्श करने के लिए आयुष्मान भारत हेल्थकेयर शिखर सम्मेलन (एबीएचएस) 16 मई से ताज डिप्लोमैटिक एन्क्लेव में आयोजित किया जाएगा। इस सम्मेलन में उत्तर प्रदेश के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय और नीति आयोग जैसे संस्थान भागीदारी करेंगे।
इस सम्मेलन में केंद्रीय स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय राज्य मंत्री अश्विनी कुमार मुख्य अतिथि होंगे, तो वहीं उत्तर प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री सिद्धार्थ नाथ सिंह सम्मानीय अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
केंद्रीय राज्यमंत्री अश्विनी कुमार चौबे ने कहा, “आयुष्मान भारत के माध्यम से हमारी सरकार गुणवत्ता स्वास्थ्य देखभाल को सस्ती और समावेशी बनाने के लिए पूरी तरह से प्रतिबद्ध है। सरकार का ध्यान गुणवत्ता वाली सस्ती स्वास्थ्य सेवाएं आम जनता तक पहुंचाने पर है। हम इस योजना को 2022 तक आम जनता तक पहुंचाने के लिए संकल्पित हैं।”
इंडिया वर्चुअल हॉस्पिटल (आईवीएच) के सीईओ स्वदीप श्रीवास्तव ने आयुष्मान भारत योजना के सम्मेलन की जरूरत पर जोर देते हुए कहा, “योजना जीवन स्वास्थ्य देखभाल के स्पेक्ट्रम को पूरा करती है, चाहे मरीज का गुणवत्तापूर्ण उपचार हो या हॉस्पिटल से लेकर घर तक देखभाल हो। इसलिए हम स्वास्थ्य देखभाल को बेहतर बनाने के लिए समाधान खोजने में पूरी तरह सक्षम हैं।”
सम्मेलन के अध्यक्ष और बीडब्ल्यू बिजनेसवल्र्ड के सह एडिटर इनचीफ अनुराग बत्रा का कहना है, “हेल्थकेयर राज्य का विषय है। इसलिए चिंता का एक प्रमुख बिंदु राज्य स्तर पर आयुष्मान भारत योजना को लागू करना है। हमने राज्य सरकारों को इस विषय पर अपने विचारों को प्रस्तुत करने के लिए आमंत्रित किया है जो इस योजना के सुचारु कार्यान्वयन में मदद कर सकते हैं।”
उन्होंने कहा, “आयुष्मान भारत को लागू करने के लिए भरोसेमंद, टिकाऊ, सुलभ और किफायती मॉडल और नीतियों के साथ आना होगा तभी वर्ष 2022 तक प्रत्येक भारतीय के दरवाजे पर गुणवत्ता स्वास्थ्य सेवा को उपलब्ध किया जा सकेगा।”
dharmpath.com dharmpath