उप्र: दलित परिवार ने धर्म परिवर्तन की चेतावनी दी

बांदा, 25 मई (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश में बांदा जिले के बिसंड़ा थाना क्षेत्र के तेंदुरा गांव के एक दलित परिवार ने सवर्णों के एक समूह के कथित उत्पीड़न से परेशान होकर शुक्रवार को पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों के समक्ष पेश होकर हिन्दू धर्म त्याग कर अन्य धर्म अपनाने की बात कही।

आरोप है कि इस दलित परिवार के घर पर गुरुवार को सवर्णों के एक समूह ने हमला कर चार महिलाओं को घायल कर दिया था।

दलित परिवार के मुखिया संतोष कोरी ने शुक्रवार को अपर जिलाधिकारी और अपर पुलिस अधीक्षक के समक्ष पेश होकर आरोप लगाया कि उनका घर छीनने की नीयत से एक सवर्ण परिवार ने उनके परिवार पर गुरुवार को हमला किया। हमले के दौरान घर पर सिर्फ महिलाएं थीं।

संतोष ने आरोप लगाया कि पुलिस चौकी ओरन के उपनिरीक्षक ने आरोपियों की मदद करते हुए उनकी प्राथमिकी तक दर्ज नहीं की।

अधिकारियों को दिए अपने शिकायत पत्र में संतोष ने इससे पहले सवर्ण परिवार द्वारा उनके ही परिवार के बंदरा, सेवका, चंद्रपाल, हेलवइया, मइयादीन को घर से बेदखल करने व उनके घरों पर कब्जा करने का आरोप लगाया है।

संतोष ने कहा कि अगर आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी और दोषी उपनिरीक्षक के खिलाफ कार्रवाई न हुई तो उनका 24 सदस्यीय परिवार धर्म परिवर्तन कर लेगा।

इस मामले में अपर जिलाधिकारी गंगाराम गुप्ता और अपर पुलिस अधीक्षक लाल भरत कुमार पाल ने कहा कि धर्म परिवर्तन चेतावनी और अपराध की जांच पुलिस क्षेत्राधिकारी बबेरू को सौंपी गई है। किसी भी दशा में दोषी बख्शे नहीं जाएंगे।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493