तेजस्वी ने कानून-व्यवस्था को लेकर नीतीश सरकार को घेरा

पटना, 15 जून (आईएएनएस)। बिहार विधानसभा में विपक्ष के नेता और पूर्व उप मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने बिहार की गिरती कानून-व्यवस्था को लेकर शुक्रवार को नीतीश सरकार पर जमकर निशाना साधा।

उन्होंने गया में एक शख्स को बंधक बनाकर उसकी पत्नी और बेटी के साथ सामूहिक दुष्कर्म की घटना को बेहद शर्मनाक बताते हुए कहा कि इस घटना की जितनी निंदा की जाए वह कम है।

उन्होंने कहा कि इस घटना की जांच के लिए पार्टी की एक जांच समिति बनाई गई है, जो पीड़ित को न्याय दिलाने का काम करेगी। उन्होंने कहा कि समिति पीड़ितों से मिलकर सारी जानकारी प्राप्त करेगी।

उन्होंने राज्यपाल सत्यपाल मलिक के महिलाओं को छेड़खानी की घटना के बाद राजभवन में सूचना देने के बयान को राज्य की कानून-व्यवस्था से जोड़ते हुए कहा कि आज राज्यपाल को यहां की कानून-व्यवस्था को लेकर हस्तक्षेप करना पड़ रहा है।

राजद नेता ने शुक्रवार को एक ट्वीट किया, “अति-शर्मनाक, राज्यपाल महोदय जानते हैं कि नीतीश राज में कानून-व्यवस्था की शर्मनाक स्थिति है। मुख्यमंत्री के अधीन गृह विभाग भ्रष्टाचार की दलदल में डूबा हुआ है। अब आप समझ लीजिए कि बिहार में क्या हालात होंगे, जब राज्यपाल महोदय को हस्तक्षेप कर खुद महिला उत्पीड़न पर संज्ञान लेना पड़ रहा है।”

उल्लेखनीय है कि गुरुवार को राज्यपाल ने एक समारोह में लड़कियों और महिलाओं से अपील की थी, “अगर आपके साथ कोई छेड़खानी करता है तो थाने बाद में जाइए, पहले राजभवन में फोन कॉल कीजिए। वहां के अधिकारी आपके साथ जाकर आपकी रिपोर्ट थाने में लिखवाएंगे। इससे बुरी कोई बात नहीं हो सकती है कि हम अपनी बच्चियों की सम्मान की रक्षा न कर सकें।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493