मुख्यमंत्री ने राज्य के एक लाख से अधिक शिक्षाकर्मियों से रायपुर आकाशवाणी केंद्र से प्रसारित रमन के गोठ में यह बात कही।
मुख्यमंत्री ने रेडियोवार्ता को शिक्षाकर्मियों के संविलियन के मुद्दे के साथ-साथ संचार क्रांति योजना और खेती-किसानी से जुड़ी योजनाओं पर विशेष रूप से केंद्रित किया।
उन्होंने नए शिक्षा सत्र में स्कूलों में प्रवेश लेने वाले सभी नए बच्चों को बधाई दी। साथ ही शिक्षक बिरादरी से बच्चों के मन में शिक्षा के महत्व और विषय की बारीकियों को अच्छे से बैठाने की अपील की। उन्होंने अभिभावकों से भी निवेदन किया कि वे अपने बच्चों की पढ़ाई-लिखाई, उनके स्वस्थ, मनोरंजन, खेल-कूद, स्वस्थ खान-पान और अच्छे संस्कारों के विकास पर ध्यान दें।
मुख्यमंत्री ने कहा, “प्रदेश में शिक्षा-व्यवस्था और उसके प्रबंधन के लिए कई निर्णय लिए गए हैं और अनेक बड़े कदम उठाए गए हैं। वर्ष 2003-04 में पाठ्यपुस्तकों की सात लाख 27 हजार प्रतियां वितरित की गई थीं। अब इनकी संख्या बढ़कर दो करोड़ 63 लाख से ज्यादा हो गई है। इस वर्ष से राज्य के सभी विकासखंड मुख्यालयों और ऐसे नगर निगम क्षेत्रों में, जहां ब्लॉक मुख्यालय नहीं है, वहां 153 प्राथमिक और 152 पूर्व माध्यमिक स्कूलों का संचालन सीबीएसई पैटर्न पर किया जा रहा है।”
उन्होंने कहा कि इस वर्ष 129 पूर्व माध्यमिक स्कूलों का उन्नयन हाईस्कूल के रूप में और 130 हाईस्कूलों का उन्नयन हायर सेकेंडरी में किया गया है।
मुख्यमंत्री ने श्रोताओं को बताया कि इस वर्ष 100 उच्चतर माध्यमिक विद्यालयों में कृषि संकाय का शुरू किया गया है, विद्या मितान के माध्यम से तीन हजार विषय-विशेषज्ञ शिक्षकों की व्यवस्था की गई है।
डॉ. रमन ने धान के समर्थन मूल्य में 200 रुपये प्रति कुंटल की वृद्धि किए जाने के केंद्र सरकार के फैसले के लिए छत्तीसगढ़ के ढाई करोड़ लोगों और सभी किसान परिवारों की ओर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति आभार प्रकट किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि दलहन, तिलहन, अन्य उत्पादों की कीमतों में भी वृद्धि की गई है। इससे किसानों को यह विकल्प मिलेगा कि वे अपनी जमीन की विशेषता और बाजार में मांग के अनुरूप ज्यादा लाभ देने वाली उपज ले सकें।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने फसल बीमा योजना की घोषणा कर किसानों की जिंदगी में सुरक्षा के नए युग की शुरुआत की थी। उनकी इस योजना से वर्ष 2017-18 में छत्तीसगढ़ के 14 लाख 60 हजार किसानों को बीमा सुरक्षा का कवच मिला।
डॉ. रमन ने कहा, “ग्रामीणों को डिजिटल कनेक्टिविटी का लाभ दिलाने के लिए संचार क्रांति योजना के तहत 450 करोड़ रुपये की लागत से 1500 मोबाइल टॉवर लगाए जाएंगे। सभी ग्रामीण परिवारों, शहरी गरीब परिवारों और कॉलेजों के विद्यार्थियों को 50 लाख मोबाइल फोन भी दिए जाएंगे।”
dharmpath.com dharmpath