बिहार : निजी स्कूल के छात्रावास में संदिग्ध हालात में छात्र की मौत

पटना, 9 जुलाई (आईएएनएस)। बिहार की राजधानी पटना से सटे फतुहा में एक निजी आवासीय स्कूल में एक छात्र की संदिग्ध परिस्थिति में मौत की घटना के बाद लोगों ने जमकर हंगामा किया। मृतक के परिजन स्कूल प्रबंधन पर ही छात्र की हत्या का आरोप लगा रहे हैं।

पुलिस के अनुसार, पटना के फतुहा देवी चक स्थित एक निजी स्कूल के छात्रावास में सोमवार को छह वर्षीय छात्र अभिमन्यु कुमार की संदिग्ध हालत में मौत हो गई। इसकी सूचना मिलने के बाद पुलिस छात्रावास पहुंचकर मामले की छानबीन कर रही है।

पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि छात्र के शरीर पर गंभीर चोट के निशान मिले हैं, जिससे उसकी हत्या की आशंका व्यक्त की गई है।

मृतक के परिजनों ने स्कूल संचालक पर गला दबाकर हत्या का आरोप लगाया है। फतुहा के थाना प्रभारी नंदिनी प्रसाद ने बताया कि मृतक फतुहा का ही रहने वाला है। उन्होंने बताया कि पुलिस पूरे मामले की छानबीन कर रही है। उन्होंने कहा कि पोस्ट मार्टम रिपोर्ट के बाद ही छात्र के मौत के कारणों का पता लग सकेगा।

प्रसाद ने कहा कि स्कूल के एक शिक्षक और छात्रावास के एक वार्डन को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।

इधर, घटना की सूचना मिलने के बाद आक्रोशित लोगों ने दोषियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग को लेकर जमकर हंगामा किया।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493