कांग्रेस एक परिवार की गुलाम : शिवराज

उज्जैन, 14 जुलाई (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने यहां शनिवार को जन आशीर्वाद यात्रा शुरू करते ही कांग्रेस पर करारा हमला बोला। उन्होंने कहा कि ‘कांग्रेस तो एक परिवार की गुलाम पार्टी है।’

शिवराज ने सभा को संबोधित करते हुए कहा, “प्रदेश में भाजपा एकजुट है तो कांग्रेस कई धड़ों में बंटी है, उसका हाल ठीक वैसा ही है, इस दिल के टुकड़े हजार हुए, एक यहां गिरा, एक वहां गिरा। इस पार्टी में कोई ग्वालियर वाला है तो कोई छिंदवाड़ा वाला। यह ऐसी पार्टी है जो एक परिवार की गुलाम है।”

उन्होंने आगे कहा कि वे जनता का आशीर्वाद लेने निकले हैं, उनकी सरकार ने प्रदेश की तस्वीर बदली है, कांग्रेस के काल में इस प्रदेश को बीमारूकहा जाता था, आज यह विकसित राज्यों की श्रेणी में आ गया है।

शिवराज ने कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा, “इस दल का नेता कौन होगा यह किसी को नहीं पता, हमारे रथ पर टिप्पणी हो रही है, सवाल है कि कांग्रेस का रथ तो कमलनाथ बनवा देंगे, मगर उस पर बैठेगा कौन, यह भी तो बता दे कांग्रेस।”

शिवराज ने दिग्विजय सिंह का नाम लिए बगैर कहा कि जब प्रदेश में ‘मिस्टर बंटाढार’ का राज्य था तो क्या हालत थी और आज क्या हाल है, यह भी कांग्रेस को बताना चाहिए।

मुख्यमंत्री की जन आशीर्वाद यात्रा पर सवाल खड़े करते हुए विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह ने कहा है कि शिवराज का रथ ढाई करोड़ रुपये में बना है। 15 साल पहले अपने को ‘पांव-पांव वाले’ नाम से प्रचारित करने वाले मुख्यमंत्री मर्सिडीज कंपनी द्वारा ढाई करोड़ रुपये में तैयार किए गए आलीशान रथ पर बैठने से पहले महाकाल की नगरी में सिंहस्थ घोटालों का सच बताएं।

सिंह ने शुक्रवार को एक बयान जारी कर कहा था कि शिवराज लोगों को यह भी बताएं कि सिंहस्थ घोटाले के दोषियों को क्या दंड मिला? मुख्यमंत्री यह भी बताएं कि नर्मदा-क्षिप्रा लिंक परियोजना जिस पर 432 करोड़ खर्च किए गए, इसकी स्थिति क्या है? क्षिप्रा में मिल रहे गंदे नालों को रोकने का जो वादा उन्होंने किया था, क्या वह पूरा हुआ?

सिंह का कहना है कि मुख्यमंत्री सबसे पहले महाकाल भोलेनाथ को साक्षी मानते हुए सिंहस्थ कुंभ में हुए घोटालों का सच बताएं, क्योंकि यह घोटाला 1500 करोड़ रुपये का है।

नेता प्रतिपक्ष की अपेक्षा है कि सिंहस्थ में 81 करोड़ का शौचालय घोटाला, एलईडी लाइट खरीदी में 13 करोड़ का घोटाला, चप्पल, थर्मस और नाश्ता घोटाला, कम्प्यूटर और लैपटॉप खरीदी में घोटाला, घास लगाने में घोटाला, पाइप लाइन बिछाने में घोटाला, स्वास्थ्य सामानों की खरीदी में 55 करोड़ के घोटाले के बारे में भी शिवराज जनता जनार्दन को जानकारी दें।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493